हापुड़ में संदिग्ध परिस्थितियों में स्विफ्ट डिजायर कार में मिला युवक का शव, जांच में जुटी पुलिस
हापुड़ के बाबूगढ़ थाना क्षेत्र में एक स्विफ्ट डिजायर कार में 32 वर्षीय अरुण कसाना का शव मिलने से सनसनी ...और पढ़ें

हापुड़ में स्विफ्ट डिजायर कार में मिला युवक का शव।
HighLights
हापुड़ में स्विफ्ट डिजायर कार में मिला युवक का शव।
मृतक की पहचान अरुण कसाना के रूप में हुई, 32 वर्षीय।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजा, संदिग्ध परिस्थितियों की जांच जारी।
संवाददाता, हापुड़। बाबूगढ़ थाना क्षेत्र में कुचेसर रोड चौपला की सर्विस रोड पर शनिवार को स्विफ्ट डिजायर कार में युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान शकरपुर गांव निवासी अरुण कसाना (32) पुत्र जोगेंद्र सिंह के रूप में हुई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। स्वजन की ओर से अभी कोई तहरीर नहीं दी गई है।
जानकारी के अनुसार, चौपला चौकी से कुछ दूरी पर सर्विस रोड पर एक कार खड़ी थी। लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने कार की जांच की तो उसमें एक युवक बेहोशी की हालत में पड़ा मिला। पुलिस ने उसे तत्काल सीएचसी सिखेड़ा पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।आसपास के लोगों के अनुसार, कार शनिवार सुबह करीब 11 बजे से वहां खड़ी थी। उस समय कार में दो व्यक्ति मौजूद थे।
कार में मोबाइल फोन टूटा हुआ पड़ा था
बाद में कार में केवल अरुण का शव मिला। कार में मोबाइल फोन टूटा हुआ पड़ा था, जबकि पीछे की ओर एक चप्पल भी मिली। इन परिस्थितियों के कारण युवक की मौत को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं।
मृतक की मां शशि ने बताया कि अरुण शुक्रवार सुबह अपने साथी अंकित के साथ बहन के यहां सिंधारा देने दादरी के बंबावड़ गया था। इसके बाद वह वापस नहीं लौटा।
थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मौत का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगा। फिलहाल पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें- केरल विश्वविद्यालय के कुलपति बोले, जो लोग वंदे मातरम् नहीं कहते, वे अपनी मां को नहीं जानते
