हापुड़ में सिपाही बताकर शादी करने वाला निकला होमगार्ड, विरोध करने पर पत्नी को सीढ़ियों से फेंका; 60 लाख की ठगी
हापुड़ में एक व्यक्ति ने खुद को सिपाही बताकर युवती से शादी की, जो बाद में होमगार्ड निकला। अवैध संबंधों का विरोध करने पर उसने पत्नी को सीढ़ियों से नीचे ...और पढ़ें

अवैध संबंधों का विरोध करने पर विवाहिता को जान से मारने की नीयत से सीढ़ियों से नीचे फेंकने का आरोप। एआई इमेज
HighLights
फर्जी सिपाही बनकर शादी, निकला होमगार्ड।
अवैध संबंध का विरोध, पत्नी को सीढ़ियों से फेंका।
शादी में 60 लाख खर्च, धोखाधड़ी का आरोप।
जागरण संवाददाता, हापुड़। जनपद के थाना हापुड़ देहात क्षेत्र के ग्राम ततारपुर से धोखाधड़ी, घरेलू हिंसा और जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। यहां उत्तर प्रदेश पुलिस का फर्जी सिपाही बनकर एक युवती से शादी रचाने और बाद में अवैध संबंधों का विरोध करने पर विवाहिता को जान से मारने की नीयत से सीढ़ियों से नीचे फेंकने का आरोप लगा है। पता चला कि आरोपित सिपाही न होकर होमगार्ड था। पीड़िता के भाई की शिकायत पर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
गढ़मुक्तेश्वर के ग्राम अठसैनी के रहने वाले दानिश ने हापुड़ देहात थाना पुलिस को बताया कि उन्होंने अपनी बहन गुलजार की शादी 19 नवंबर 2023 को ततारपुर के अफजाल के साथ बड़े ही धूमधाम से की थी। शादी में करीब 60 लाख रुपये खर्च किए गए थे।
आरोप है कि शादी से पहले अफजाल के चाचा इमरान, शाहवेज और परवेज ने रिश्ता तय कराते समय दावा किया था कि अफजाल उत्तर प्रदेश पुलिस में सिपाही (कांस्टेबल) है। शादी के बाद जब सच्चाई सामने आई तो परिवार के होश उड़ गए; अफजाल पुलिसकर्मी नहीं, बल्कि एक होमगार्ड निकला। धोखे से शादी रचाने के बाद भी ससुराल वालों का उत्पीड़न थमा नहीं।
शिकायत के अनुसार, शादी के बाद गुलजार को पता चला कि उसके पति अफजाल के एक महिला से अवैध संबंध हैं। जब गुलजार ने इस बात का विरोध किया, तो पति अफजाल, सास भूरी, भाई आमिर, और ननद मनंतशा व सानिया ने उसे प्रताड़ित करना शुरू कर दिया और कई बार जानलेवा हमला भी किया।
खबरें और भी
हालांकि, बीच में आरोपित के चाचा इमरान और शाहवेज ने थाने और पंचायत में माफी मांगकर मामले को शांत करा दिया था। इसी साल 20 जनवरी 2026 को भी पीड़िता के साथ बर्बरता से मारपीट की गई थी, तब भी आरोपित लिखित माफी मांगकर उसे थाने से विदा करा ले गए थे।
दानिश ने बताया कि 25 जून 2026 की शाम करीब 4 बजे, आरोपित अफजाल, उसकी मां भूरी, बहनें मनंतशा, सानिया और शबाना ने एक राय होकर गुलजार को घेर लिया और गाली-गलौज शुरू कर दी। वहीं आरोपितों ने गुलजार को दबोच लिया और जान से मारने की नीयत से मकान की सीढ़ियों से नीचे धक्का दे दिया। सिर और शरीर में गंभीर चोटें आने के कारण गुलजार मौके पर ही बेहोश हो गई।
होश आने पर पीड़िता ने पाया कि ससुराल वालों ने उसे घर से बाहर रास्ते पर फेंक दिया है। पीड़िता ने किसी तरह फोन कर अपने भाई दानिश को आपबीती सुनाई। थाना प्रभारी पारस मलिक ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी दोषी पाया गया उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।