दिल्ली-लखनऊ नेशनल हाईवे-9 पर दौड़ती स्विफ्ट डिजायर बनी आग का गोला, चालक ने कूदकर बचाई जान
हापुड़ में दिल्ली-लखनऊ नेशनल हाईवे-9 पर चलती स्विफ्ट डिजायर कार में अचानक आग लग गई, जिससे कार आग के गोले में बदल गई। चालक ने सूझबूझ से कूदकर अपनी जान ...और पढ़ें
-1782497304803_m.webp)
दिल्ली-लखनऊ नेशनल हाईवे-9 पर गुरुवार रात एक बड़ा हादसा टल गया।
HighLights
हापुड़ में एनएच-9 पर चलती कार में लगी आग।
चालक ने समय रहते कूदकर अपनी जान बचाई।
शॉर्ट सर्किट को आग लगने का संभावित कारण बताया गया।
संवाद सहयोगी, हापुड़। दिल्ली-लखनऊ नेशनल हाईवे-9 पर गुरुवार रात एक बड़ा हादसा टल गया। सिंभावली थाना क्षेत्र में चलती स्विफ्ट डिजायर कार में अचानक आग लग गई। कुछ ही पलों में कार आग के गोले में तब्दील हो गई। चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए समय रहते कार से कूदकर अपनी जान बचा ली। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पा लिया।
पुलिस के अनुसार अमरोहा के रहने वाले सुनील कुमार बृहस्पतिवार रात अपनी स्विफ्ट डिजायर कार से अमरोहा की ओर जा रहे थे। रात करीब नौ बजे सिंभावली क्षेत्र में ''राजा की हवेली'' ढाबे के पास पहुंचते ही कार के इंजन से धुआं निकलने लगा। चालक कुछ समझ पाता, उससे पहले ही इंजन से आग की तेज लपटें उठने लगीं। खतरा भांपकर उसने तत्काल कार रोककर बाहर छलांग लगा दी।
आग लगने से हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई
चलती कार में आग लगने से हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों और दुकानदारों की भीड़ मौके पर जुट गई, जबकि कुछ देर के लिए वाहनों की आवाजाही भी प्रभावित रही। सूचना पर पहुंची दमकल टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया।
समय रहते आग बुझा दिए जाने से आसपास खड़े अन्य वाहनों और दुकानों तक आग नहीं फैल सकी। मुख्य अग्निशमन अधिकारी अजय शर्मा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शार्ट सर्किट प्रतीत हो रहा है। हादसे में कार का इंजन और अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, लेकिन चालक पूरी तरह सुरक्षित है।