विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हापुड़: कपड़े से भरे कैंटर की लूट करने वाले गिरोह से मुठभेड़, पांच बदमाश गिरफ्तार

By Thakur D P AryaEdited By: Jeet Kumar
Published: Sat, 03 Oct 2026 03:00 AM (IST)Updated: Sat, 03 Oct 2026 06:55 AM (IST)

गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र में कपड़े से भरे कैन्टर को लूटने वाले गिरोह से शनिवार को जनपदीय स्वाट टीम और थाना गढ़मुक्तेश्वर ...और पढ़ें

हापुड़: कपड़े से भरे कैंटर की लूट करने वाले गिरोह से मुठभेड़

हापुड़: कपड़े से भरे कैंटर की लूट करने वाले गिरोह से मुठभेड़

HighLights

  1. एक बदमाश पैर में गोली लगने से घायल, लूटा गया कैन्टर और 55 लाख रुपये का माल बरामद

  2. जवाबी फायरिंग में एक बदमाश गोली लगने से घायल हुआ

जागरण संवाददाता, हापुड़। गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र में कपड़े से भरे कैन्टर को लूटने वाले गिरोह से शनिवार को जनपदीय स्वाट टीम और थाना गढ़मुक्तेश्वर पुलिस की मुठभेड़ हो गई।

पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश घायल हो गया, जबकि चार अन्य बदमाशों को भी गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपितों के कब्जे से लूटा गया कैन्टर और उसमें भरा करीब 55 लाख रुपये कीमत का पूरा माल बरामद हुआ है। इसके अलावा अवैध असलहे, जिंदा व खोखा कारतूस और एक चाकू भी मिला है।

पुलिस के मुताबिक, 27/28 सितंबर की रात बदमाशों ने बलवापुर-बृजघाट मार्ग पर एक कैन्टर को रोक लिया था। बदमाशों ने चालक और हेल्पर को अपनी कार में बंधक बना लिया और उन्हें अमरोहा जनपद क्षेत्र में छोड़ दिया। इसके बाद कैन्टर को लूटकर फरार हो गए। कैन्टर में जैकेट बनाने वाला कपड़ा भरा था।

घटना के बाद पुलिस और स्वाट टीम ने बदमाशों की तलाश शुरू की। शनिवार को पुलिस की टीम से बदमाशों की मुठभेड़ हो गई। पुलिस के अनुसार, आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी फायरिंग में एक बदमाश गोली लगने से घायल हुआ। उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। मौके से चार अन्य बदमाशों को भी गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने बताया कि आरोपितों के कब्जे से लूटा गया कैन्टर मय शत-प्रतिशत माल बरामद कर लिया गया है। बरामद माल की कीमत करीब 55 लाख रुपये बताई गई है। इसके साथ ही अवैध हथियार और कारतूस भी बरामद हुए हैं।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपितों में जावेद और अजीम शातिर किस्म के अपराधी हैं। दोनों के विरुद्ध दिल्ली के अलावा मुरादाबाद, संभल और हापुड़ में हत्या, चोरी और आर्म्स एक्ट समेत करीब आधा दर्जन मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों और पूर्व की घटनाओं में उनकी संलिप्तता के संबंध में पूछताछ कर रही है।