UP में कांग्रेस संगठन मजबूत करने पहुंचे सांसद, कार्यकर्ता मांग रहे विधानसभा टिकट
महाराष्ट्र के सांसद श्यामकुमार दौलत बर्वे उत्तर प्रदेश में कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान के तहत ब्लॉक-ब्लॉक घूम रहे हैं। ...और पढ़ें

पर्यवेक्षक और महाराष्ट्र के रामटेक से सांसद श्यामकुमार दौलत बर्वे से कर रहे दावेदारी। जागरण
HighLights
सांसद श्यामकुमार बर्वे यूपी में संगठन सृजन अभियान चला रहे हैं।
कांग्रेसी कार्यकर्ता संगठन के बजाय विधानसभा टिकट की मांग कर रहे हैं।
अभियान का लक्ष्य जमीनी स्तर पर पार्टी को मजबूत करना है।
दुर्गेश त्रिपाठी, गोरखपुर। विलुप्त होने की कगार पर पहुंचे संगठन की तलाश में ब्लाक-ब्लाक भटक रहे महाराष्ट्र के सांसद श्यामकुमार दौलत बर्वे कांग्रेसियों की नई मांग से हैरान हैं। कांग्रेसी उनसे विधानसभा चुनाव का टिकट मांग रहे हैं। संगठन मजबूत करने के साथ जिलाध्यक्ष व महानगर अध्यक्ष बनाने को आवेदन लेने पहुंचे सांसद खुद कांग्रेसियों की हरकत से हैरान हो रहे हैं।
वह जमीन स्तर पर पार्टी का जनाधार बढ़ाने की बात कर रहे हैं तो कांग्रेसी पार्टी को मजबूत बताने के साथ ही जीत का समीकरण समझा रहे हैं। फिलहाल संगठन सृजन अभियान 31 अगस्त तक चलेगा।
उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव के पहले संगठन के कील-कांटे दुरुस्त करने में जुटी कांग्रेस के नेताओं महत्वाकांक्षा की परवान चढ़ने लगी है। आंदोलनों से दूरी बनाने वाले इन दिनों विधायक बनने के लिए टिकट मांग रहे हैं। कोई सदर विधानसभा सीट पर खुद को विजयी उम्मीदवार के रूप में प्रस्तुत कर रहा है तो कोई दूसरी विधानसभा क्षेत्र की सीटों पर खुद को सर्वाधिक परफेक्ट बता रहा है। पर्यवेक्षक सांसद श्यामकुमार दौलत बर्वे 26 अगस्त से महानगर के साथ ही ब्लाकों में पहुंचकर कांग्रेसियों संग बैठक कर रहे हैं। बैठक में वह कांग्रेसियों से संवाद कर रहे हैं लेकिन संवाद के बीच में दावेदार मिल जा रहे हैं।
देर रात तक चल रहा बैठकों का दौर
संगठन सृजन अभियान के तहत सांसद देर रात तक ब्लाकों में रहकर बैठक कर रहे हैं। शुक्रवार को रक्षाबंधन का पर्व होने के बाद भी उन्होंने खोराबार, पिपरौली, सहजनवा व पाली ब्लाक में बैठक की। पाली की बैठक रात नौ बजे के बाद भी चलती रही। वह पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं से संवाद कर संगठन की जमीनी स्थिति की जानकारी ले रहे हैं। साथ ही आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों, बूथ समितियों की सक्रियता तथा जनता से जुड़े स्थानीय मुद्दों को लेकर भी विचार-विमर्श कर रहे हैं।
सहजनवा में उन्होंने कहा कि संगठन को मजबूत करने के लिए सबसे पहले हमें अपने कार्यकर्ताओं की आवाज और उनके अनुभवों को समझना होगा। संगठन सृजन अभियान केवल पदाधिकारियों की नियुक्ति तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य ऐसे मजबूत और सक्रिय संगठन का निर्माण करना है जो हर परिस्थिति में जनता के साथ खड़ा रहे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव और बूथ स्तर पर निरंतर संपर्क बनाए रखने की अपील की।
यह भी पढ़ें- गोरखपुर में सीएम योगी का सख्त रुख: जनता दर्शन में बोले- भू-माफिया पर कसेंगे नकेल, हर पीड़ित को मिलेगा त्वरित न्याय
कार्यकर्ताओं का उत्साह चरम पर
जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजेश कुमार तिवारी ने कहा कि संगठन सृजन अभियान को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं का उत्साह चरम पर है। लगातार ब्लाकों का निरीक्षण कर संगठन की वास्तविक स्थिति का आकलन किया जा रहा है। संगठन को मजबूत करने के साथ-साथ जनता के बीच उसकी आवाज को और प्रभावी बनाया जाएगा। जिलाध्यक्ष ने कहा कि पूरे संगठन में नई ऊर्जा का संचार हो रहा है। यह सकारात्मक संदेश है।
