गोरखपुर में NIA की जांच तेज, छात्र के पूरे नेटवर्क पर खुफिया एजेंसियों की नजर
गोरखपुर में एनआईए की 13 घंटे की कार्रवाई के बाद अब नाबालिग छात्र के पूरे नेटवर्क की जांच हो रही है। एजेंसियां छात्र का डिजिटल, शैक्षणिक और सामाजिक प्र ...और पढ़ें

- मिलने-जुलने वालों तक की पड़ताल, सीसी कैमरों के फुटेज भी खंगाले गए
- परिवार की गतिविधियों पर भी नजर, मोहल्ले में सक्रिय हुआ खुफिया तंत्र
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। तिवारीपुर के इलाहीबाग स्थित माई धिया गढ़ही मोहल्ले में एनआइए (राष्ट्रीय जांच एजेंसी) की 13 घंटे चली कार्रवाई के बाद अब जांच का फोकस नाबालिग छात्र के पूरे नेटवर्क पर आ गया है। एनआईए, एटीएस और स्थानीय खुफिया एजेंसियां छात्र का डिजिटल, शैक्षणिक और सामाजिक प्रोफाइल तैयार कर रही हैं। फोरेंसिक जांच के साथ यह भी पता लगाया जा रहा है कि वह किन लोगों के संपर्क में था और उसके घर पर कौन-कौन लोग आते-जाते थे।
प्रारंभिक जांच में छात्र के इंस्टाग्राम के माध्यम से आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा में दर्ज मुकदमे से जुड़े एक आरोपित से 'बी पार्टी' के रूप में जुड़े होने की जानकारी सामने आई है। इसी आधार पर एनआइए गोरखपुर से मिले डिजिटल इनपुट का इस प्रकरण में दर्ज मुकदमे से मिलान कर रही है।
जांच एजेंसियों का मानना है कि फोरेंसिक रिपोर्ट के बाद नेटवर्क की तस्वीर और स्पष्ट होगी। एनआइए ने छात्र के स्कूल से उपस्थिति, शैक्षणिक रिकार्ड और अन्य आवश्यक विवरण मांगे हैं। एजेंसी यह भी पता लगा रही है कि हाल के महीनों में उसकी दिनचर्या में कोई बदलाव आया था या नहीं। इसके साथ ही छात्र से मिलने घर पर कौन-कौन लोग आते थे, इसकी जानकारी भी जुटाई जा रही है।
आसपास लगे सीसी कैमरों की फुटेज खंगालकर आने-जाने वालों का सत्यापन किया जा रहा है। सूत्रों के अनुसार, जांच पूरी होने तक परिवार की गतिविधियों पर भी स्थानीय स्तर पर नजर रखी जा रही है। परिवार ने मीडिया और बाहरी लोगों से पूरी तरह दूरी बना ली है। कार्रवाई के बाद से घर का कोई सदस्य इस मामले पर बोलने को तैयार नहीं है।
खबरें और भी
एलआइयू (स्थानीय अभिसूचना इकाई) और एटीएस (आतंकवाद निरोधक दस्ता) के अधिकारी भी स्थानीय स्तर पर सूचना एकत्र कर रहे हैं। यदि डिजिटल फोरेंसिक जांच में कोई नया लिंक या संपर्क सामने आता है तो पूछताछ का दायरा और बढ़ेगा।