विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अजमेर में मिला दो साल से लापता गोरखपुर का किशोर, मां से फोन पर बात करने के बाद पुलिस ने खोजा

Updated: Fri, 03 Jul 2026 01:12 PM (IST)

दो साल पहले गोरखपुर से लापता हुआ हाईस्कूल का छात्र राजस्थान के अजमेर में एक होटल में काम करते हुए मिला। पुलिस ने उसकी मां से फोन पर बातचीत के बाद सर्विलांस की मदद से उसे सकुशल बरामद किया, भाई ने अपहरण का केस दर्ज कराया था।

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है। जागरण

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है। जागरण

HighLights

  1. दो साल पहले लापता गोरखपुर का छात्र अजमेर में मिला।

  2. होटल में काम कर रहा था, मां से की थी बात।

  3. पुलिस ने सर्विलांस से लोकेशन ट्रेस कर सकुशल बरामद किया।

जागरण संवाददाता, गोरखपुर। करीब दो वर्ष पहले लापता हुए हाईस्कूल के छात्र को गुलरिहा थाना पुलिस ने राजस्थान के अजमेर से सकुशल बरामद कर लिया। किशोर घर छोड़ने के बाद अजमेर पहुंच गया था और वहां एक होटल में काम कर रहा था। हाल ही में उसने अपनी मां से फोन पर बात की, जिसके बाद पुलिस ने सर्विलांस की मदद से उसकी लोकेशन ट्रेस कर बरामद कर लिया। किशोर के लापता होने पर उसके भाई ने अनहोनी की आशंका जताते हुए अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया था।

गोरखनाथ थाना क्षेत्र की स्नेह सिटी कालोनी, मुगलहा निवासी 15 वर्षीय किशोर तीन सितंबर 2024 को स्कूल जाते समय लापता हो गया था। काफी तलाश के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिलने पर उसके भाई ने गुलरिहा थाने में अपहरण की आशंका जताते हुए मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस तभी से उसकी तलाश में जुटी थी। जांच के दौरान पुलिस को कोई ठोस सुराग नहीं मिल रहा था।

इसी बीच हाल में किशोर ने अपनी मां से फोन पर बातचीत की। परिवार ने इसकी जानकारी तत्काल पुलिस को दी। पुलिस ने मोबाइल नंबर के आधार पर सर्विलांस से लोकेशन ट्रेस की, जो राजस्थान के अजमेर में मिली। लोकेशन मिलने के बाद गुरुवार को गुलरिहा थाना पुलिस की टीम अजमेर (राजस्थान) के पड़लिया चौराहा, इंजीनियरिंग कालेज के पास पहुंची जहां किशोर होटल में काम करते हुए मिला।

यह भी पढ़ें- गोरखपुर में गिर रहा है भूगर्भ जलस्तर, नगर निगम बना हुआ है बेफिक्र

पूछताछ में उसने बताया कि घर छोड़ने के बाद वह अजमेर पहुंच गया था और वहां एक होटल में काम कर रहा था। सीओ गोरखनाथ रवि कुमार सिंह ने बताया कि किशोर को लेकर पुलिस गोरखपुर लौट रही है। यहां आने के बाद बयान दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।