विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Gorakhpur Triple Murder: 16 वर्षीय किशोर ने भाई, भाभी और भतीजे का गला काटा; पिता से था नाराज

Published: Mon, 22 Jun 2026 07:31 AM (GMT+05:30)Updated: Mon, 22 Jun 2026 01:44 PM (GMT+05:30)

गोरखपुर में पारिवारिक कलह के चलते एक 16 वर्षीय किशोर ने अपने बड़े भाई, भाभी और तीन वर्षीय भतीजे की ...और पढ़ें

मृतका और बेटे के साथ अमित गुप्ता। फाइल फोटो।

मृतका और बेटे के साथ अमित गुप्ता। फाइल फोटो।

HighLights

  1. गोरखपुर में 16 वर्षीय किशोर ने परिवार के तीन सदस्यों की हत्या की।

  2. बड़े भाई, भाभी और तीन वर्षीय भतीजे को रॉड व धारदार हथियारों से मारा।

  3. पारिवारिक कलह और उपेक्षा की भावना से हुई तिहरी हत्या।

जागरण सवाददाता, गोरखपुर।Gorakhpur Triple Murder Case पारिवारिक कलह और उपेक्षा की भावना ने बांसगांव में रिश्तों को खून से रंग दिया। पिता पर बड़े भाई को अधिक महत्व देने का आरोप लगाने वाले 16 वर्षीय किशोर ने रविवार देर रात सोते समय बड़े भाई अमित गुप्ता, भाभी रंजना और तीन वर्षीय भतीजे रेयान की रॉड, हसिया और बांका से हमला कर हत्या कर दी।

वारदात के समय कमरे में मौजूद गोद ली बेटी रुबिका किसी तरह बचकर दादा के पास पहुंची और घटना की जानकारी दी। बांसगांव थाना पुलिस ने आरोपित को घर की छत से हिरासत में लेकर हत्या में प्रयुक्त हथियार बरामद कर लिया है। बांसगांव के बलुआ गांव में रविवार रात करीब ढाई बजे हुई इस वारदात से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

goraphpur police small 22 ju

सएसपी डॉ. कौस्तुभ मौके पर पहुंचे।

परिवारिक विवाद में देर रात हुई वारदात

पुलिस के अनुसार अमित गुप्ता अपनी पत्नी रंजना, तीन वर्षीय पुत्र रेयान और गोद ली बेटी रुबिका के साथ कमरे में सो रहे थे। गर्मी अधिक होने के कारण कमरे का दरवाजा खुला था। इसी दौरान 16 वर्षीय किशोर कमरे में पहुंचा और सो रहे अमित पर हमला कर दिया। जांच में सामने आया है कि आरोपित देर रात तक मोबाइल फोन चलाता रहा और परिवार के सोने का इंतजार करता रहा। इसके बाद वह रॉड, हसिया और बांका लेकर कमरे में पहुंचा।

सबसे पहले अमित पर किया हमला

पुलिस के मुताबिक सबसे पहले अमित के सिर पर रॉड से वार किया गया। इसके बाद हसिया और बांका से गर्दन व सिर पर कई वार किए गए। हमले की आवाज और हलचल से रंजना तथा रेयान की नींद खुल गई। इसके बाद आरोपित ने दोनों पर भी हमला कर दिया। तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के समय कमरे में मौजूद रुबिका की भी नींद खुल गई। आरोपित ने उसे भी निशाना बनाने की कोशिश की, लेकिन वह किसी तरह कमरे से निकलकर दादा हरिलाल गुप्ता के पास पहुंच गई और शोर मचाकर पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद रात करीब तीन बजे हरिलाल ने डायल-112 पर फोन कर पुलिस को सूचना दी। 

यह भी पढ़ें- 40 साल बाद टूटी नींद... बागपत के 16 इंटर कॉलेजों को मिले प्रबंधक, डीएम अस्मिता लाल ने गठित की समितियां

हिरासत में लेकर आरोपित से पूछताछ जारी

सूचना मिलते ही बांसगांव पुलिस मौके पर पहुंची। एसएसपी डॉक्टर कौस्तुभ, एसपी दक्षिणी दिनेश कुमार पुरी और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने घर की तलाशी ली तो आरोपित छत पर छिपा मिला। उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसके बाद हत्या में प्रयुक्त रॉड, हसिया और बांका भी बरामद कर लिया गया। पुलिस जांच में पारिवारिक विवाद की बात सामने आई है।

आरोपित ने लगाए पिता पर आरोप

आरोपी का आरोप है कि पिता हरिलाल गुप्ता बड़े भाई अमित और उनके परिवार को अधिक महत्व देते थे। हरिलाल घर के सामने किराना और अंडे की दुकान चलाते हैं। पहले दुकान पर आरोपित बैठता था, लेकिन करीब एक वर्ष पूर्व कोलकाता से लौटे अमित को दुकान की जिम्मेदारी सौंप दी गई थी। पिता चाहते थे कि किशोर पढ़ाई करे, जबकि वह कारोबार शुरू करने के लिए रुपये मांग रहा था। इसी बात को लेकर उसके मन में नाराजगी बढ़ती जा रही थी। घटना के बाद मां अनीता गुप्ता का रो-रोकर बुरा हाल है। 

यह भी पढ़ें- साहब! लुक आउट नोटिस जारी कर दीजिए, दुबई से नहीं आ रहा पति; आगरा के परामर्श केंद्र पर पीड़िता की गुहार

एसपी दक्षिणी दिनेश कुमार पुरी ने बताया पिता की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर किशोर को हिरासत में लिया गया है। दोपहर बाद उसे किशोर न्यायालय में पेश किया जाएगा।