गोरखपुर में डंठल की आग से कई गांवों में तबाही, जंगल-बाग-बगीचे जले
गोरखपुर में गेहूं के डंठल में लगी आग ने पिपराइच, गगहा, भटहट और झंगहा समेत कई गांवों में भारी तबाही मचाई। तेज हवा के कारण आग खेतों, बाग-बगीचों, घरों और ...और पढ़ें
-1776824472126_m.webp)
तरकुलहा जंगल तक पहुंची आग। जागरण
HighLights
गोरखपुर में डंठल की आग ने कई गांवों में मचाई तबाही।
तेज हवा से खेत, बाग, जंगल, घर हुए राख।
एक भैंस की मौत, ग्रामीण मुआवजे की कर रहे मांग।
जागरण टीम, गोरखपुर। जिले में मंगलवार को कई इलाकों में गेहूं के डंठल में लगी आग ने विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे पिपराइच, गगहा, भटहट और झंगहा क्षेत्र के दर्जनों गांवों में अफरा-तफरी मच गई। तेज पछुआ हवा के कारण आग तेजी से फैलती गई और खेत-खलिहानों से निकलकर बाग-बगीचों, घरों और यहां तक कि जंगल तक पहुंच गई।
पिपराइच क्षेत्र में दोपहर 12 बजे से शाम तक आग ने कई गांवों को अपनी चपेट में ले लिया। पिपराबन्त से शुरू हुई आग लखेसरा, उसका, गोविन्दपुर, बरईपुर, हेमधापुर, तालुआबाद, खिरियां और मुड़िला तक फैल गई। हेमधापुर गांव में इन्द्रजीत चौहान की फूस व टिनशेड से बनी घारी में बंधी दो भैंसों में से एक की जलकर मौत हो गई।
घारी में रखा गेहूं, भूसा और अन्य सामान भी राख हो गया। इसी गांव में नंदलाल प्रजापति के टेंट हाउस का कपड़ा, सोफा, मेज, पंखा और मैट भी जल गए। बरईपुर में गणेश शर्मा के खेत का करीब 70 बोझा गेहूं का डंठल नष्ट हो गया।
इस्लामपुर निवासी अजीत के घर के पास रखा भूसा और जियावन देवी का पांच ट्राली भूसा जल गया। गोविन्दपुर के उमेश गौड़ और बलवंत चौधरी की झोपड़ी में रखा गेहूं-भूसा भी आग की भेंट चढ़ गया। भरपुरवा गांव में अनिरुद्ध मौर्य के पाली फार्म को भी भारी नुकसान हुआ।
खबरें और भी
उधर गगहा क्षेत्र में ठठौली, डेमुसा, टिकरी, बड़ोही ताल और रकहट गांवों में डंठल की आग ने खेतों के साथ बाग-बगीचों को भी झुलसा दिया। ठठौली में आम और सागौन के बागीचे जल गए, जबकि टिकरी गांव में आग प्राथमिक विद्यालय, सामुदायिक शौचालय और पंचायत भवन तक पहुंच गई, जिसे ग्रामीणों ने समय रहते बचा लिया।
यह भी पढ़ें- गोरखपुर में पराली में आग लगने से तीन स्कूली बच्चों समेत पांच झुलसे, एक की हालत गंभीर
तारकेश्वर सिंह का सागौन बाग, इंद्रजीत यादव के पंपिंग सेट का पाइप और टेकुआ माधो के कई किसानों के आम के बाग और बांस की कोठी आग से जल गई। भटहट क्षेत्र के अतरवलिया गांव में भी आग से नागेंद्र सिंह के भूसा गोदाम में रखा 100 कुंतल से अधिक भूसा जलकर राख हो गया। हालांकि यहां दमकल की दो गाड़ियों ने समय रहते पहुंचकर आग पर काबू पा लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
वहीं मुंडेरा बाजार क्षेत्र में डंठल जलाने के कारण तरकुलहा जंगल में आग लग गई। तेज हवा के चलते आग जंगल में फैल गई और सूखे पत्तों व खरपतवार के कारण विकराल रूप ले लिया। वन विभाग, ग्रामीणों और अग्निशमन दल ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। जिन गांवों में आग लगी है वहां दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मुआवजे की मांग के साथ डंठल जलाने वालों पर कार्रवाई की मांग की है।