गोरखपुर में पति-पत्नी के 'हाई-वोल्टेज' ड्रामे में उड़ी शहर की बिजली, 11KV लाइन पर टांगे कपड़े
गोरखपुर में पति-पत्नी की लड़ाई के कारण बिजली निगम की बत्ती गुल हो गई। पति द्वारा फेंके गए कपड़े 11 ...और पढ़ें

झगड़े के बाद पति ने फेंके पत्नी के कपड़े, 11 हजार वोल्ट की लाइन के तार में फंसे। जागरण
HighLights
पति-पत्नी की लड़ाई से गोरखपुर में बिजली गुल हुई।
फेंके गए कपड़े 11 हजार वोल्ट की लाइन पर अटके।
दो घंटे की मशक्कत के बाद बिजली आपूर्ति बहाल हुई।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। पति-पत्नी की लड़ाई ने बिजली निगम की बत्ती गुल कर दी। मामला राप्तीनगर उपकेंद्र से जुड़े रामजानकीनगर फीडर क्षेत्र का है। मंगलवार रात 10 अचानक बंद फीडर ट्रिप कर गया। बिजलीकर्मियों ने लाइन चालू करने की कोशिश की, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। इसके बाद पेट्रोलिंग शुरू हुई।
इसी दौरान एक जगह 11 हजार वोल्ट की लाइन पर कपड़े लटके मिले। बिजलीकर्मी सीढ़ी लेकर मौके पर पहुंचे। आखिरकार दो घंटे की मशक्कत के बाद आपूर्ति बहाल हो सकी। पता चला कि कुछ देर पहले पति-पत्नी में लड़ाई हुई थी। इसके बाद पति ने पत्नी के कपड़े उठाकर बाहर फेंक दिए थे, जो 11 हजार वोल्ट के तारों पर अटक गए थे।
मंगलवार रात रामजानकीनगर के शिवनगर कालोनी के एक घर में काफी देर से पति-पत्नी के बीच लड़ाई हो रही थी। परिवार के लोग दोनों को समझाने में जुटे थे। अचानक घर की छत से कपड़े फेंके जाने लगे। कई कपड़े एक साथ छत से सड़क पर फेंके गए।
घर के बाहर से रामजानकीनगर फीडर की लाइन गुजरती है। छत से फेंके गए कपड़े लाइन के तार में भी फंस गए। कुछ कपड़े सड़क के किनारे गिरे। जैसे ही तार पर कपड़े फंसे, रामजानकीनगर फीडर बंद हो गया। इससे तकरीबन दो हजार घरों की बिजली कट गई। उमस भरी गर्मी से परेशान उपभोक्ताओं ने उपकेंद्र पर सूचना दी तो फाल्ट की तलाश शुरू कराई गई।
यह भी पढ़ें- गोरखपुर में सरकारी सख्ती से चीनी हुई सस्ती, थोक दाम में चार रुपये की गिरावट
पेट्रोलिंग करते हुए कर्मचारी शिवनगर कालोनी पहुंचे तो वहां तार पर कपड़े लटके देख हैरान रह गए। उन्होंने इसकी सूचना अभियंताओं को दी और कपड़े उतारने के लिए सीढ़ी मंगाई। इसके बाद सीढ़ी मंगाकर काफी मशक्कत कर कपड़े हटाए गए। तकरीबन दो घंटे बाद बिजली दी जा सकी।
