Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    गोरखपुर के खोराबार में चाइनीज मंझा ने उड़ाई बिजली, सहजनवा में तीन दिन से संकट

    Updated: Sat, 02 May 2026 07:56 AM (IST)

    गोरखपुर के खोराबार में चाइनीज मांझे से 33 हजार वोल्ट की बिजली आपूर्ति ठप हो गई, जिसे दो घंटे बाद बहाल किया गया। वहीं, सहजनवा खंड में आंधी के तीन दिन ब ...और पढ़ें

    News Article Hero Image
    33 हजार की लाइन से आपूर्ति हुई ठप, दो घंटे मशक्कत के बाद हुई बहाल
    सहजनवा खंड के अभियंताओं की लापरवाही का खामियाजा भुगत रहे लोग
    जागरण संवाददाता, गोरखपुर: आंधी खत्म होने के तीन दिन बाद भी बिजली आपूर्ति व्यवस्था पटरी पर नहीं लौट पा रही है। सहजनवा खंड क्षेत्र में अभियंताओं की लापरवाही का खामियाजा उपभोक्ताओं को भुगतना पड़ रहा है। दर्जनों गांवों में तीन दिनों से बिजली न होने से लोग परेशान हैं। आरोप है कि अभियंता सिर्फ बयानबाजी कर रहे हैं, काम नहीं। इधर, खोराबार में शुक्रवार को चाइनीज मंझा फंसने के कारण 33 हजार वोल्ट की लाइन से आपूर्ति ठप हो गई। इस कारण खोराबार उपकेंद्र बंद हो गया। दो घंटे बाद आपूर्ति शुरू कराई गई तो कई जगह जंपर कटने से परेशानी हुई।
    बुधवार शाम आंधी आने के बाद जिले में बिजली आपूर्ति पटरी से उतर गई है। महानगर में आपूर्ति सामान्य करा दी गई लेकिन ग्रामीण क्षेत्रों में लापरवाही के कारण दिक्कत हुई। सबसे ज्यादा परेशानी विद्युत वितरण मंडल द्वितीय से जुड़े सहजनवा खंड क्षेत्र में हो रही है। यहां अधीक्षण अभियंता से लगायत अधिशासी अभियंता की अनदेखी से बिजली व्यवस्था सुचारु नहीं हो पा रही है।

    अवर अभियंता ने खुद बनवाया ट्रांसफार्मर
    शुक्रवार शाम खोराबार में सिंघड़िया में स्थापित चार सौ केवीए के ट्रांसफार्मर से धुआं निकलने लगा। इसकी सूचना मिलते ही अवर अभियंता शिवम चौधरी मौके पर पहुंचे। उन्होंने ट्राली ट्रांसफार्मर मंगाने के साथ ही ट्रांसफार्मर का अनुरक्षण शुरू कराया। दो घंटे की मशक्कत के बाद मौके पर ही ट्रांसफार्मर को सही कराकर आपूर्ति सामान्य कराई गई।


    मगहर उत्तरी फीडर से जुड़े इन गांवों में नहीं है बिजली
    घुरियापार, भटवल, भरपुरवा, टंडवा खुर्द, यदुवंशी टोला, भैंसला, सुरदही, बनकटिया, माइला, भू आसाहिद आदि। बुधवार शाम से ही इन गांवों में आपूर्ति ठप है।


    बाक्स
    सहजनवा के अधिशासी अभियंता पर बढ़ रही नाराजगी
    गोरखपुर: बिजली निगम के सहजनवा खंड के अधिशासी अभियंता आरके सिंह के खिलाफ उद्यमियों की नाराजगी बढ़ रही है। उद्योग बंधु की बैठक में अधिशासी अभियंता को नोडल अधिकारी के पद से हटाने के निर्देश के बाद भी शुक्रवार शाम तक किसी नए अभियंता को जिम्मेदारी नहीं दी गई थी। आरोप है कि अधिशासी अभियंता बिजली निगम से जुड़े कार्यों में लापरवाही बरते हैं और नोडल अधिकारी होने के बाद भी अपडेट नहीं रहते हैं। बैठकों में भी नहीं आते हैं।




    बाक्स
    अधीक्षण अभियंता दीपक कुमार पर भड़के अभियंता
    गोरखपुर: विद्युत वितरण मंडल द्वितीय के अधीक्षण अभियंता दीपक कुमार पर जूनियर इंजीनियर संगठन ने काम में सहयोग न करने का आरोप लगाया है। संगठन के अभियंताओं ने बताया कि सहजनवा खंड में 206, सिकरीगंज में 131 और कौड़ीराम खंड में 201 पोल टूटे हैं। इमरजेंसी से जुड़े कार्यों का टेंडर न होने के सवाल पर दीपक कुमार ने कहा कि अभी कोई एजेंसी नहीं है। एक-दो दिन में देखा जाएगा। अभियंताओं का कहना है कि तीन दिन से बिजली न होने से ग्रामीण उपभोक्ताओं में बिजली निगम के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है। अधीक्षण अभियंता का गैर जिम्मेदाराना बयान परेशानी बढ़ा रहा है। आरोप लगाया कि वरिष्ठ अभियंता किसी भी कार्य में रुचि नहीं ले रहे हैं। अवर अभियंता ने अधीक्षण अभियंता के घेराव का निर्णय लिया है।