विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गोरखपुर के पादरी बाजार फ्लाईओवर निर्माण में मकान बना रोड़ा, कोर्ट केस से काम प्रभावित

Published: Thu, 27 Aug 2026 03:20 PM (IST)

गोरखपुर के पादरी बाजार फ्लाईओवर निर्माण में एक मकान बाधा बन गया है, जिससे खजांची की तरफ एप्रोच रोड का ...और पढ़ें

पादरी बाजार में निर्माणाधीन फ्लाईओवर के लिए फातिमा अस्पताल की ओर बन रहा एप्रोच। जागरण

पादरी बाजार में निर्माणाधीन फ्लाईओवर के लिए फातिमा अस्पताल की ओर बन रहा एप्रोच। जागरण

HighLights

  1. पादरी बाजार फ्लाईओवर निर्माण में एक मकान बाधा।

  2. खजांची की ओर एप्रोच रोड का काम रुका।

  3. सेतु निगम मकान मालिक से मुआवजे पर बातचीत।

जागरण संवाददाता, गोरखपुर। पादरी बाजार में जेल बाईपास रोड से खजांची की तरफ फ्लाईओवर के निर्माण में एक मकान बाधा बना हुआ है। खजांची की तरफ बने इस मकान के कारण फ्लाईओवर के एप्रोच का काम नहीं हो पा रहा है। सेतु निगम के अधिकारी मकान मालिक से बात कर रहे हैं।

सेतु निगम के महाप्रबंधक मिथिलेश कुमार ने कहा कि मकान मालिक से बात हो चुकी है। जल्द ही मुआवजा देकर काम शुरू करा दिया जाएगा। अक्टूबर के आखिर तक फ्लाईओवर तैयार कर लेने का लक्ष्य रखा गया था।

पादरी बाजार क्षेत्र को जाम से मुक्ति दिलाने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर फ्लाईओवर निर्माण की स्वीकृति मिली थी। 27 सितंबर 2023 को फ्लाईओवर का निर्माण शुरू हुआ। मार्च 2026 में काम पूरा होना था लेकिन लगातार देर होती गई। निर्माण की जद में 99 मकान व जमीन आ रही थीं।

सेतु निगम ने लोक निर्माण विभाग के साथ मिलकर सभी का भुगतान करा दिया लेकिन एक मकान का मामला कोर्ट में चला गया। इस कारण वहां काम नहीं हो सका। सेतु निगम ने फ्लाईओवर के ऊपरी हिस्से का निर्माण पूरा करा लिया है। जेल बाईपास की तरफ से एप्रोच का भी काम चल रहा है। खजांची की तरफ एप्रोच का काम अधूरा पड़ा है।

सर्विस रोड बनाने के बाद शुरू होगा काम
सेतु निगम के अधिकारियों का कहना है कि खजांची की तरफ अतिक्रमण हटाने के बाद सर्विस रोड का काम पूरा कराया जाएगा। इससे यातायात पर कोई असर नहीं पड़ेगा। इसके बाद एप्रोच का काम जल्द से जल्द पूरा कराया जाएगा।

यह भी पढ़ें- गोरखपुर के माथाबारी गांव पहुंचे वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल, बोले- सही दिशा चुनिए... वरना तेज दौड़कर भी मंजिल गलत मिलेगी


मेडिकल कालेज, गोरखनाथ जाना हो जाएगा आसान
पादरी बाजार में लगातार जाम के कारण लोगों को मोहद्दीपुर, कौवाबाग अंडरपास से होते हुए बीआरडी मेडिकल कालेज, राप्तीनगर, शाहपुर, गोरखनाथ आदि स्थानों की तरफ जाने में दिक्कत होती है। पादरी बाजार में फ्लाईओवर का निर्माण पूरा होने के बाद इन इलाकों में जाना आसान हो जाएगा। गोरखनाथ की तरफ जाने वाले यात्री पादरी बाजार फ्लाईओवर से होते हुए आगे बढ़कर खजांची फ्लाईओवर पर जाएंगे और वहां से करीमनगर चौराहा होते हुए बरगदवा ओवरब्रिज के रास्ते बरगदवा तिराहा होते हुए जाएंगे।