गोरखपुर ओवरब्रिज के नीचे खाली जगह का होगा सुनियोजित विकास, बनेंगे किड्स जोन और पार्किंग
गोरखपुर नगर निगम ने शहर के प्रमुख ओवरब्रिज के नीचे खाली जगहों को सुनियोजित तरीके से विकसित करने की योजना ...और पढ़ें

प्रस्तावित डिजाइन।
HighLights
ओवरब्रिज के नीचे खाली जगह का होगा सुनियोजित विकास।
पार्किंग, वेंडिंग जोन, किड्स जोन, जिम जैसी सुविधाएं मिलेंगी।
परियोजना पर कुल 17.78 करोड़ रुपये का खर्च आएगा।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। शहर के प्रमुख ओवरब्रिज के नीचे खाली पड़ी जगह अब सुनियोजित विकास और आधुनिक सुविधाओं का केंद्र बनेगी। नगर निगम ने ट्रांसपोर्ट नगर-पैडलेगंज 6 लेन ओवरब्रिज समेत खजांची और बरगदवा ओवरब्रिज के नीचे बहुउद्देश्यीय सुविधाएं विकसित करने की कार्ययोजना तैयार की है। इस परियोजना पर कुल 17 करोड़ 78 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।
इसमें ट्रांसपोर्ट नगर ओवरब्रिज के लिए 17.07 करोड़ रुपये, खजांची ओवरब्रिज के लिए 1.85 करोड़ रुपये और बरगदवा ओवरब्रिज के लिए 1.85 करोड़ रुपये का प्रस्ताव शामिल है। नगर निगम की ओर से इस परियोजना को अंतिम रूप दिया जा रहा है। नगर निगम द्वारा तैयार प्रस्ताव के अनुसार ट्रांसपोर्ट नगर ओवरब्रिज के नीचे उपलब्ध पूरे क्षेत्र को नौ अलग-अलग हिस्सों में विकसित किया जाएगा।
प्रत्येक हिस्से का उपयोग अलग उद्देश्य के लिए निर्धारित किया गया है, ताकि क्षेत्र का संतुलित और व्यवस्थित विकास हो सके। यहां पार्किंग, वेंडिंग जोन, ओपन जिम, क्रिकेट पिच, बैडमिंटन कोर्ट, किड्स जोन और कैंटीन जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
कमिश्नर अनिल ढींगरा के निर्देश पर उत्तर प्रदेश सेतु निगम के परियोजना प्रबंधक एके सिंह ने प्रस्तावित विकास योजना का प्रारूप नगर आयुक्त को भेजा था। इसके बाद नगर आयुक्त ने नगर निगम के मुख्य अभियंता अमित कुमार शर्मा को स्थानीय जरूरतों के अनुसार विस्तृत डिजाइन तैयार करने के निर्देश दिए। नगर निगम की तकनीकी टीम ने मौके का निरीक्षण कर अब विस्तृत डिजाइन तैयार कर लिया है।
यह भी पढ़ें- गोरखपुर में जमींदारी जमीन की बिक्री पर उठे सवाल, राजस्व परिषद में शिकायत दर्ज
खेल और मनोरंजन का भी बनेगा केंद्र
ओवरब्रिज के नीचे बच्चों और युवाओं के लिए खेल व मनोरंजन की सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी। यहां क्रिकेट पिच, बैडमिंटन कोर्ट और किड्स जोन बनाए जाएंगे। परिवार अपने बच्चों के साथ यहां समय बिता सकेंगे। इसके अलावा कबाड़ से आकर्षक कलाकृतियां और सजावटी संरचनाएं भी तैयार की जाएंगी, जिससे क्षेत्र की सुंदरता बढ़ेगी और लोगों को सेल्फी प्वाइंट भी मिल सकेंगे।
पार्किंग और वेंडिंग जोन से मिलेगी राहत
नगर निगम की योजना के तहत ओवरब्रिज के नीचे सुनियोजित पार्किंग स्थल विकसित किया जाएगा। इससे ट्रांसपोर्ट नगर और पैडलेगंज क्षेत्र में सड़क किनारे खड़े होने वाले वाहनों की समस्या काफी हद तक कम होगी। वर्तमान में व्यावसायिक गतिविधियां अधिक होने के कारण यहां अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती है। पार्किंग व्यवस्था विकसित होने से यातायात सुचारु होगा और लोगों को राहत मिलेगी।
इसके साथ ही रेहड़ी-पटरी और छोटे व्यापारियों के लिए वेंडिंग जोन भी विकसित किया जाएगा। इससे अतिक्रमण की समस्या कम होगी और छोटे कारोबारियों को व्यवस्थित स्थान उपलब्ध हो सकेगा। नगर निगम वेंडिंग जोन को नियमानुसार विकसित कर वहां आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की तैयारी में है।
