गोरखपुर से जेवर एयरपोर्ट के लिए सीधी उड़ान 27 अक्टूबर से शुरू
गोरखपुर से नोएडा के जेवर एयरपोर्ट के लिए सीधी हवाई सेवा 27 अक्टूबर से इंडिगो द्वारा शुरू होगी, जिससे यात्रियों ...और पढ़ें

गोरखपुर एयरपोर्ट के लिए शीतकालीन उड़ान कार्यक्रम 2026-27 को मंजूरी
HighLights
गोरखपुर से जेवर एयरपोर्ट के लिए सीधी उड़ान 27 अक्टूबर से शुरू।
इंडिगो एयरलाइन द्वारा संचालित होगी यह नई हवाई सेवा।
यात्रियों को पश्चिमी यूपी और एनसीआर तक सीधी कनेक्टिविटी मिलेगी।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। गोरखपुर से नोएडा के जेवर स्थित एयरपोर्ट के लिए 27 अक्टूबर से सीधी हवाई सेवा शुरू होने जा रही है। इंडिगो की ओर से इस रूट पर विमान का संचालन किया जाएगा। इससे गोरखपुर और आसपास के जिलों के यात्रियों को जेवर एयरपोर्ट तक पहुंचने के लिए सीधी उड़ान की सुविधा मिलेगी। हालांकि, शीतकालीन शेड्यूल की शुरुआत में कोलकाता के लिए सीधी उड़ान उपलब्ध नहीं होगी।
नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने गोरखपुर एयरपोर्ट के लिए शीतकालीन उड़ान कार्यक्रम 2026-27 को मंजूरी दे दी है। यह शेड्यूल 25 अक्टूबर 2026 से 27 मार्च 2027 तक प्रभावी रहेगा। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, गोरखपुर से दिल्ली, बेंगलूरू, मुंबई, हैदराबाद और नवी मुंबई सहित प्रमुख शहरों के लिए उड़ानें संचालित होंगी। इन सेवाओं का संचालन इंडिगो, अकासा एयर और स्पाइसजेट की ओर से किया जाएगा।
निर्धारित समय के अनुसार, जेवर एयरपोर्ट से इंडिगो का विमान दोपहर 2:05 बजे गोरखपुर पहुंचेगा। इसके बाद दोपहर 2:30 बजे जेवर के लिए रवाना होगा। इस सेवा से पश्चिमी उत्तर प्रदेश और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र की यात्रा करने वाले यात्रियों को अतिरिक्त विकल्प मिलेगा।
एक मार्च से शुरू होगी कोलकाता की उड़ान
इंडिगो की बेंगलूरू से गोरखपुर आने वाली और यहां से कोलकाता जाने वाली उड़ान का संचालन एक मार्च 2027 से निर्धारित है। ऐसे में यात्रियों को कोलकाता के लिए सीधी उड़ान के लिए अभी चार महीने का इंतजार करना होगा।
दो उड़ानों की मंजूरी का इंतजार
एयरपोर्ट निदेशक संजय कुमार के मुताबिक, स्पाइसजेट की दिल्ली-गोरखपुर-दिल्ली और अकासा एयर की मुंबई-गोरखपुर-मुंबई उड़ानों के संचालन की भी संभावना है। इन सेवाओं को अभी अंतिम मंजूरी नहीं मिली है। यात्रियों को यात्रा से पहले संबंधित एयरलाइन से उड़ान का समय और उपलब्धता सुनिश्चित करने की सलाह दी गई है।
