गोरखपुर में सीमेंट लदी मालगाड़ी पटरी से उतरी, मची अफरातफरी; 8 घंटे बाद की गई रवाना
गोरखपुर रेलवे स्टेशन के यार्ड में सोमवार रात एक सीमेंट लदी मालगाड़ी पटरी से उतर गई, जिससे लाइन नंबर आठ पर संचालन प्रभावित हुआ।
HighLights
गोरखपुर स्टेशन यार्ड में सीमेंट लदी मालगाड़ी पटरी से उतरी।
सोमवार रात 1 बजे घटना, मंगलवार सुबह 9 बजे तक पटरी पर।
यात्री ट्रेनों का संचालन अप्रभावित, रेलवे ने जांच शुरू की।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। रेलवे स्टेशन पर सोमवार की रात एक 1:00 के आसपास सीमेंट लदी मालगाड़ी पटरी से उतर गई। सूचना मिलते ही मौके पर संबंधित इंजीनियरों और रेल कर्मियों तथा सुरक्षा कर्मियों की टीम मौके पर पहुंच गई। लाइन नंबर आठ पर ट्रेनों का संचालन बाधित हो गया।
हालांकि, यात्री ट्रेनों का संचालन प्रभावित नहीं हुआ। कड़ी मसक्कत के बाद मंगलवार को सुबह नौ बजे के आसपास मालगाड़ी को पटरी पर लाया गया। जानकारों के अनुसार मालगाड़ी मध्य प्रदेश से बिहार के नारायणपुर अनंत रेलवे स्टेशन जा रही थी।
गोरखपुर के पश्चिमी यार्ड में लाइन नंबर आठ से होकर गुजरते समय ट्रेन की तीन बोगी पटरी से उतर गई। जानकारी होने पर लखनऊ के मंडल रेल प्रबंधक भी घटनास्थल पर पहुंच गए। मंडल रेल प्रबंधक के निर्देश पर स्टेशन प्रबंधन ने आनंद-फानन बगियां से सीमेंट नीचे उतरवाया।
बगियां को खाली करने में लगभग सात घंटे का समय लग गया। बोगियां खाली हुई तो उन्हें पटरी पर लाया जा सका। मालगाड़ी के पटरी पर आने के बाद रेलवे प्रशासन ने राहत की सांस ली। मालगाड़ी के पटरी से उतरने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। रेलवे प्रशासन ने घटना की जांच शुरू कर दी है।
