विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक MLC सीट पर हुआ 79 प्रतिशत मतदान, 27 अक्टूबर को होगी मतगणना

Published: Fri, 23 Oct 2026 08:13 PM (IST)

गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में इस बार 79.01 प्रतिशत मतदान हुआ, जो पिछले चुनाव से 5.07 प्रतिशत अधिक है। ...और पढ़ें

गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक MLC सीट पर 79 प्रतिशत मतदान।

गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक MLC सीट पर 79 प्रतिशत मतदान।

HighLights

  1. 79.01% मतदान, पिछले चुनाव से 5.07% अधिक दर्ज।

  2. 17 जिलों में 54,910 मतदाताओं ने किया मताधिकार का प्रयोग।

  3. मतगणना 27 अक्टूबर को, 16 प्रत्याशियों का भाग्य होगा तय।

जागरण संवाददाता, गोरखपुर। गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव में इस बार मतदाताओं ने पिछले चुनाव की तुलना में अधिक उत्साह दिखाया। शुक्रवार को 17 जिलों में हुए मतदान में कुल 79.01 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। वर्ष 2020 में हुए पिछले चुनाव में 73.94 प्रतिशत मतदान हुआ था। इस तरह मतदान प्रतिशत में 5.07 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।

निर्वाचन क्षेत्र के 200 मतदान केंद्रों पर कुल 54,910 मतदाता पंजीकृत थे। मतदान का बढ़ा प्रतिशत प्रत्याशियों के लिए राहत और चुनौती दोनों के रूप में देखा जा रहा है। अब सबकी निगाहें 27 अक्टूबर को होने वाली मतगणना पर टिकी हैं, जिससे शिक्षकों के बीच राजनीतिक दलों के प्रभाव और प्रत्याशियों के समर्थन का आकलन होगा।

गोरखपुर-बस्ती मंडल के सात जिलों में मतदान का रुझान भी अलग-अलग रहा। बस्ती और संतकबीरनगर में 86 प्रतिशत से अधिक मतदान हुआ, जबकि कुशीनगर, महराजगंज और देवरिया में भी मतदान प्रतिशत 80 के पार रहा। गोरखपुर जिले में सबसे कम 76.84 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।

सातों जिलों में मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी सक्रिय रहे। हालांकि संतकबीरनगर के मेंहदावल में तीन मतदाताओं को मतदान से रोकने पर हल्की नोकझोंक हुई, लेकिन बाद में उन्हें मतदान की अनुमति मिलने पर स्थिति सामान्य हो गई।

गोरखपुर के 18 मतदान केंद्रों पर 76.84 प्रतिशत मतदान हुआ। यहां 7,289 मतदाताओं में से 5,601 ने मताधिकार का इस्तेमाल किया। महराजगंज में 11 मतदान केंद्रों पर 81.41 प्रतिशत मतदान हुआ। यहां 3,572 मतदाताओं में से 2,908 ने वोट डाले। देवरिया के 16 मतदान केंद्रों पर 80.53 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।

कुल 4,278 मतदाताओं में से 3,445 ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। कुशीनगर के 15 केंद्रों पर 84.15 प्रतिशत मतदान हुआ। जिले के 3,496 मतदाताओं में से 2,942 ने वोट डाले। इसी तरह बस्ती जिले के कुल 14 मतदान केंद्रों पर 86.45 प्रतिशत मतदान हुआ। यहां 2,045 मतदाताओं में से 1,768 ने वोट डाले।

संतकबीरनगर में सात ब्लॉक मुख्यालयों पर 86.30 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। यहां 1,540 मतदाताओं में से 1,330 ने मताधिकार का प्रयोग किया। सिद्धार्थनगर में आठ केंद्रों पर 76.86 प्रतिशत मतदान हुआ। यहां 2,787 मतदाताओं में से 2,142 ने वोट डाले। हालांकि मतदान के आखिरी स्पष्ट आंकड़े मतपेटियों के साथ ही पीठासीन अधिकारी की ओर उनकी डायरी जमा किए जाने के बाद सामने आएंगे।

मतपेटियों में बंद प्रत्याशियों का भाग्य, 27 को मतगणना

मतदान समाप्त होने के बाद सभी जिलों से मतपेटियों को गोरखपुर के दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के वाणिज्य संकाय भवन में बने स्ट्रांग रूम में लाया जा रहा है। यह सिलसिला देर रात तक जारी रहा।

चुनाव में कुल 16 प्रत्याशी मैदान में हैं। अब मतगणना के बाद ही स्पष्ट होगा कि शिक्षक मतदाताओं ने किस प्रत्याशी पर भरोसा जताया है। बढ़े हुए मतदान प्रतिशत ने चुनावी मुकाबले को लेकर उत्सुकता बढ़ा दी है।

जिनके मध्य मुकाबला है उनमें भाजपा के ध्रुव त्रिपाठी, सपा के डॉ. संजयन त्रिपाठी, उत्तर प्रदेश माध्यमिक वित्तविहीन शिक्षक महासभा के अजय सिंह, उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ (चेतनारायण गुट) के डा. राकेश सिंह, उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ (एकजुट) के राजीव यादव, सत्यपाल सिंह, डॉ. शरदेंदु कुमार त्रिपाठी, निरंकार राम त्रिपाठी, अजीत कुमार सिंह, देव भास्कर तिवारी, राजेश पांडेय, शिव श्याम यादव, दिनेश कुमार मिश्र, पंकज कुमार, राकेश कुमार तिवारी और राम प्रताप राम का नाम शामिल है।

कहां कितने वोट पड़े

क्र.सं. जिला मतदान प्रतिशत (%)
1 बहराइच 83.56%
2 गोंडा 76.93%
3 बस्ती 86.45%
4 सिद्धार्थनगर 76.86%
5 गोरखपुर 76.84%
6 महराजगंज 81.41%
7 देवरिया 80.53%
8 आजमगढ़ 73.98%
9 मऊ 74.06%
10 सुल्तानपुर 84.17%
11 अमेठी 88.44%
12 अयोध्या 78.37%
13 कुशीनगर 84.15%
14 अम्बेडकरनगर 80.46%
15 श्रावस्ती 81.57%
16 बलरामपुर 89.31%
17 संतकबीरनगर 86.30%

यह भी पढ़ें- UP MLC Election: सैफई में पत्नी के साथ शिवपाल यादव ने डाला वोट, वोटर लिस्ट में गड़बड़ी का लगाया आरोप