विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 16, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

UP News: मुंबई की उड़ान रद्द, दिल्ली से आए यात्रियों का सामान गायब; गोरखपुर एयरपोर्ट पर हंगामा

Updated: Wed, 16 Apr 2025 07:37 AM (IST)

गोरखपुर एयरपोर्ट (Gorakhpur Airport) पर मंगलवार को यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। शाम 605 बजे मुंबई जाने वाली फ्लाइट रद्द हो गई। सुबह द ...और पढ़ें

मुंबई जाने वाली उड़ान रद,दिल्ली से आए 55 यात्रियों के बैग छूटे
मुंबई जाने वाली उड़ान रद,दिल्ली से आए 55 यात्रियों के बैग छूटे

HighLights

  1. गोरखपुर एयरपोर्ट पर मंगलवार को सुबह से शाम तक रही अफरा-तफरी
  2. उड़ानों में देरी की वजह से टर्मिनल भवन के अंदर व बाहर यात्री रहे परेशान

जागरण संवाददाता,गोरखपुर। एयरपोर्ट पर मंगलवार का दिन यात्रियों के लिए बेहद परेशान करने वाला रहा। सबसे ज्यादा दिक्कत उस वक्त हुई जब शाम 6:05 बजे मुंबई से आने वाली स्पाइस जेट की उड़ान अचानक रद्द कर दी गई। इसके अलावा सुबह दिल्ली से आए इंडिगो विमान में सवार 55 यात्रियों का सामान दिल्ली में ही छूट गया, जिससे वे दिनभर बैग के इंतज़ार में परेशान रहे। दिनभर कई उड़ानों में देरी और रद्द होने की वजह से एयरपोर्ट पर अफरा-तफरी जैसी स्थिति बनी रही।

मंगलवार को विमान सेवाएं बुरी तरह प्रभावित रहीं। सबसे पहले सुबह 10:10 बजे दिल्ली जाने वाली इंडिगो की फ्लाइट एक घंटे की देरी से रवाना हुई। लेकिन परेशानी तब और बढ़ गई जब इसी इंडिगो फ्लाइट से दिल्ली से आए 55 यात्रियों का चेक-इन सामान दिल्ली एयरपोर्ट पर ही छूट गया। बैग न पाकर यात्री हक्के-बक्के रह गए।

एयरलाइन स्टाफ ने उन्हें भरोसा दिलाया कि सामान शाम की फ्लाइट से आ जाएगा, लेकिन तब तक यात्रियों को एयरपोर्ट या आसपास ही रुके रहना पड़ा। शाम 6:05 बजे मुंबई से आने वाली स्पाइस जेट की फ्लाइट को बिना पूर्व सूचना के रद्द कर दिया गया।

उड़ान रद्द होने से यात्री हुए परेशान। जागरण (सांकेतिक तस्वीर)


इसे भी पढ़ें-  गोरखपुर एयरपोर्ट अकासा की उड़ानें रद्द, यात्री परेशान; वजह हैरान करने वाली

इसका असर न केवल गोरखपुर आने वाले बल्कि यहां से मुंबई जाने की तैयारी कर रहे यात्रियों पर भी पड़ा। यात्रियों ने बताया कि उन्हें न तो समय रहते सूचना दी गई और न ही वैकल्पिक व्यवस्था की पेशकश हुई। कई यात्रियों की ट्रेनें, कनेक्टिंग फ्लाइट और निजी कार्यक्रम प्रभावित हो गए।

देरी से रवाना हुए यह विमान :

  • दोपहर 1:50 बजे हैदराबाद जाने वाली फ्लाइट 30 मिनट देरी से रवाना हुई।
  • अपराह्न 3:15 बजे दिल्ली से आने वाली इंडिगो फ्लाइट 45 मिनट की देरी से पहुंची और एक घंटे बाद रवाना हुई।
  • अपराह्न 3:45 बजे दिल्ली से आने वाली स्पाइस जेट की फ्लाइट 1 घंटे 50 मिनट की देरी से पहुंची और 2 घंटे 50 मिनट की देरी से वापस रवाना हुई।
  • शाम 4:55 बजे बेंगलुरु जाने वाली इंडिगो की फ्लाइट 40 मिनट,
  • शाम 5:05 बजे कोलकाता जाने वाली फ्लाइट 30 मिनट,
  • शाम 5:55 बजे मुंबई जाने वाली फ्लाइट 30 मिनट की देरी से उड़ान भर सकी।
  • शाम 6:50 बजे दिल्ली से आने वाली अकासा एयरलाइन की फ्लाइट 30 मिनट की देरी से पहुंची और एक घंटे की देरी से बेंगलुरु के लिए रवाना हुई।

इसे भी पढ़ें- गोरखपुर में इस Ring Road को दिसंबर तक करना है पूरा, NHAI ने दिए निर्देश; काशी जाना होगा आसान