Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    गोरखपुर में सीएम योगी ने की समीक्षा बैठक, बोले- बाढ़ बचाव तैयारी पूरी रखें, शिवालयों-मंदिरों में सफाई पर दें ध्यान

    Updated: Mon, 10 Aug 2026 07:18 AM (IST)

    मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में विकास परियोजनाओं, बाढ़ बचाव और सावन की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को बाढ़ से बचाव और मंदिर ...और पढ़ें

    मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ। जागरण

    मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ। जागरण

    HighLights

    1. सीएम योगी ने गोरखपुर में विकास परियोजनाओं की समीक्षा की।

    2. बाढ़ बचाव और सावन की तैयारियों पर विशेष निर्देश दिए।

    3. मंदिरों में साफ-सफाई और कांवड़ यात्रा मार्ग दुरुस्त रखने के निर्देश।

    जागरण संवाददाता, गोरखपुर। तीन दिवसीय दौरे पर रविवार शाम गोरखपुर पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखनाथ मंदिर में अधिकारियों के साथ बैठक कर जिले की विकास परियोजनाओं के साथ बाढ़ बचाव और सावन की तैयारियों की समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि बाढ़ से बचाव की सभी तैयारियां पूरी रखी जाएं। नदियों के जलस्तर पर लगातार नजर रखने के साथ बंधों की नियमित निगरानी की जाए। संवेदनशील क्षेत्रों में किसी भी स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन पूरी तरह तैयार रहे।

    सावन और कांवड़ यात्रा को देखते हुए मुख्यमंत्री ने शिवालयों और मंदिरों में विशेष साफ-सफाई कराने के निर्देश दिए। कांवड़ यात्रा मार्ग पर भी सफाई समेत सभी आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने को कहा, ताकि श्रद्धालुओं और कांवड़ियों को आवागमन के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो। उन्होंने मंदिरों के आसपास स्वच्छता और व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

    मुख्यमंत्री ने जिले में संचालित विकास परियोजनाओं की एक-एक कर प्रगति पूछी और अधिकारियों को तय समय में गुणवत्तापूर्ण निर्माण पूरा कराने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने बताया कि राजघाट से हार्बर्ट बांध होते हुए डोमिनगढ़ तक निर्माणाधीन फोरलेन और पांडेयहाता से धर्मशाला तक विरासत गलियारे का काम इसी माह पूरा हो जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि काम जल्द पूरा कर इसके लोकार्पण की तैयारी रखी जाए।

    नौसढ़-पैडलेगंज सिक्सलेन, एचएन सिंह चौराहा से गोरखनाथ तक फोरलेन और स्पोर्ट्स कालेज से करीमनगर होते हुए फर्टिलाइजर तक फोरलेन का काम अक्टूबर में पूरा होने की संभावना है। चार फाटक-असुरन फोरलेन अगले माह और गोरखपुर-पिपराइच फोरलेन नवंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य है। कलेक्ट्रेट और एकीकृत मंडलीय कार्यालय का काम भी तेजी से चल रहा है। रामगढ़ताल किनारे मोहद्दीपुर से सहारा एस्टेट तक रिंग रोड का कार्य दो माह में पूरा होने की उम्मीद है।

    मुख्यमंत्री ने कहा कि परियोजनाओं की नियमित निगरानी की जाए और किसी भी स्तर पर विलंब न होने दिया जाए। गीडा में भूखंडों की स्थिति की जानकारी लेते हुए उन्होंने निवेश बढ़ाने पर भी जोर दिया। उन्होंने नगर निगम को सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने के साथ ही जलभराव के निस्तारण के लिए कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

    खबरें और भी

    यह भी पढ़ें- गोरखपुर के तिरंगा यात्रा में दिखेगा राष्ट्रभक्ति का रंग, सीएम योगी करेंगे अगुवाई

    तिरंगा यात्रा की तैयारियां भी परखी
    स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों की जानकारी लेते हुए मुख्यमंत्री ने तिरंगा यात्रा को भव्य बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वतंत्रता दिवस पर सभी प्रमुख चौराहों, सरकारी इमारतों और कार्यालयों को सजाने तथा शहर से लेकर देहात तक लोगों को राष्ट्रीय ध्वज उपलब्ध कराने को कहा।

    मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से यह प्रयास करने को कहा कि स्वतंत्रता दिवस पर अधिक से अधिक घरों पर तिरंगा फहरे। इस दौरान एडीजी, कमिश्नर, डीआइजी, डीएम, जीडीए उपाध्यक्ष, नगर आयुक्त सहित सभी प्रमुख अधिकारी मौजूद रहे।