गोंडा में दहेज की मांग पूरी ना होने पर विवाहिता को पीटकर बाजार में छोड़ा, पति समेत 6 पर FIR दर्ज
गोंडा में दहेज की मांग पूरी न होने पर एक विवाहिता को पीटकर मसकनवा बाजार में छोड़ दिया गया। पुलिस ने पति समेत छह लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न और मारपीट ...और पढ़ें

HighLights
दहेज में मोटरसाइकिल, सोने की चेन की मांग।
विवाहिता को पीटकर मसकनवा बाजार में छोड़ा।
पति समेत छह लोगों पर FIR दर्ज।
संवाद सूत्र, छपिया (गोंडा)। दहेज में मोटरसाइकिल और सोने की चेन की मांग पूरी न होने पर विवाहिता को प्रताड़ित कर मारपीट करने और मसकनवा बाजार में छोड़ देने का मामला सामने आया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने पति समेत छह लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, मारपीट और धमकी की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
रानीजोत भौरही गांव कि वंदना पुत्री छांगुर ने बताया कि उसकी शादी पांच जून 2025 को मनकापुर थाना क्षेत्र के अंधियारी गांव निवासी शिवकुमार के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के कुछ दिन बाद से ही पति शिवकुमार, ननद मोनिका व अमिता तथा नंदोई पिंटू और जगन्नाथ दहेज में मोटरसाइकिल और सोने की चेन की मांग को लेकर प्रताड़ित करने लगे।
पीटकर मायके भेजने का आरोप
विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई और मायके भेज दिया गया। महिला हेल्पलाइन पर शिकायत के बाद सुलह-समझौते के आधार पर उसे दोबारा ससुराल ले जाया गया, लेकिन उत्पीड़न जारी रहा।
आरोप है कि तीन मई 2026 को दोपहर करीब 12 बजे आरोपितों ने लाठी-डंडों और घूंसों से मारपीट कर उसे मसकनवा बाजार में छोड़ दिया और बिना दहेज वापस आने पर जान से मारने की धमकी दी। थानाध्यक्ष प्रबोध कुमार ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर पति समेत छह लोगों के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।