पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने स्पष्ट की राजनीति में आगे की राह, बोले- नहीं लड़ूंगा 2027 का विधानसभा चुनाव
Ex MP BrijBhushan Sharan Singh: पूर्व सांसद ने कहा कि यह जरूरी नहीं कि उनके बेटे अपनी सीट खाली करें और वह चुनाव लड़ें। पार्टी उनकी भूमिका तय करेगी। सं ...और पढ़ें

कैसरगंज के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह
HighLights
पूर्व सांसद बृजभूषण शरण का आंकलन- विधानसभा चुनाव में इस बार होगी भाजपा व सपा में लड़ाई
पूर्व सांसद बोले- मैं हूं मेकर, राजनीति छोड़ने का कोई सवाल नहीं
'काकरोच जनता पार्टी' को लेकर ब्रजभूषण ने कहा कि उसका कोई भविष्य नहीं
जागरण संवाददाता, गोंडा। महिला पहलवानों के उत्पीड़न के आरोपों से बाइज्जत बरी पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह अब खुलकर बल्लेबाजी कर रहे रहे हैं। उन्होंने रविवार को अपनी राजनीतिक पारी को लेकर स्थिति स्पष्ट कर दी और चुनाव लड़ने का भी एलान कर दिया।
कैसरगंज से भाजपा के सांसद रहे बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि मैं विधानसभा का चुनाव तो नहीं लड़ूंगा, लेकिन राजनीति भी छोड़ने का कोई सवाल नहीं है। उन्होंने कहा कि वह अभी छोटे मेकर हैं और आगे बड़े भी बन सकते हैं। भगवान ने हमें खुद मेकर बनाया है।
पूर्व सांसद ने कहा कि यह जरूरी नहीं कि उनके बेटे अपनी सीट खाली करें और वह चुनाव लड़ें। पार्टी उनकी भूमिका तय करेगी। संभव है कि पार्टी एक-दो महीने में इस पर विचार करे। राम मंदिर दर्शन के लिए नहीं जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि जहां इज्जत नहीं है, वहां बृजभूषण सिंह जाने वाला नहीं है।
किसी से मदद नहीं मांगी
बृजभूषण शरण सिंह ने एक चैनल को दिए गए इंटरव्यू में कहा कि यौन उत्पीड़न मामले की सुनवाई के दौरान मैंने न तो भाजपा के किसी नेता से मदद मांगी और न ही विपक्ष के किसी नेता को फोन किया। उन्होंने गले से हनुमान जी का लाकेट निकालकर शपथ लेते हुए कहा कि किसी से मदद नहीं मांगी।
खबरें और भी
कार्रवाई करने का रास्ता खुलेगा
पूर्व सांसद ने कहा कि हमें केस से बरी करने पर हाई कोर्ट जाना उनका (महिला पहलवानों) अधिकार है। वे वहां जा सकते हैं, लेकिन जिस तरह यहां उनकी भद पिटी है, उससे ज्यादा भद हाईकोर्ट में पिटेगी। मानहानि का मुकदमा करने के सवाल पर उन्होंने कहा कि अभी यह न्यायिक प्रक्रिया है। पहलवान हाईकोर्ट जाएं या सुप्रीम कोर्ट, जहां से वे असंतुष्ट होते हैं, वहां का रास्ता बंद होने के बाद ही उनके खिलाफ कार्रवाई करने का रास्ता खुलेगा।
'चंदा चोरी' का मुद्दा चुनाव में नहीं
उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर पूर्व सांसद ने कहा कि इस बार लड़ाई होगी। हालांकि, उन्होंने कहा कि चुनावी परिस्थितियां पल-पल बदलती हैं और किसी के लिए भी चुनाव आसान नहीं होगा। 'चंदा चोरी' का मुद्दा चुनाव में नहीं रहेगा। चुनाव में एक तरफ मौजूदा सरकार अपने काम गिनाएगी और दूसरी तरफ विपक्ष सरकार की खामियां गिनाएगा। उन्होंने कहा कि उम्मीद है कि अखिलेश अच्छा चुनाव लड़ें। उन्हें चुनाव लड़ना चाहिए।
योगी आदित्यनाथ सरकार के करीब दस वर्ष के कार्यकाल का जिक्र करते हुए सत्ता विरोधी लहर की संभावना पर कहा कि यह हमेशा होती है। बृजभूषण ने शिक्षा व्यवस्था और सेमेस्टर प्रणाली पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि सेमेस्टर प्रणाली से शिक्षा को काफी चोट पहुंची है, खासकर ग्रामीण क्षेत्रों में इसका असर ज्यादा है। उन्होंने कहा कि दिल्ली यूनिवर्सिटी में लागू सेमेस्टर प्रणाली के कारण ग्रामीण क्षेत्र के विद्यालयों की स्थिति प्रभावित हुई है और पढ़ाई की जगह केवल परीक्षाओं पर जोर रह गया है।
'काकरोच जनता पार्टी' को लेकर बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि उसका कोई भविष्य नहीं है। सरकार जेन-जी नहीं बल्कि, बच्चों के लिए झुकी है।
यह भी पढ़ें- अयोध्या में बृजभूषण का शक्ति प्रदर्शन 'सत्यमेव जयते: 100 गाड़ियों का काफिला, नारे लगे- शेर आया, शेर आया
यह भी पढ़ें- 'राम मंदिर में चढ़ावे को लेकर पहले दिन से खेल चल रहा था, इसलिए दर्शन करने नहीं गया'; गोंडा में बोले बृजभूषण सिंह