साहिबाबाद के लोहिया नगर पार्क में अतिक्रमण और गंदगी से लोग परेशान, आरडब्ल्यूए ने उठाई आवाज
साहिबाबाद के लोहिया नगर पार्क के सामने अतिक्रमण, गंदगी और जाम से परेशान निवासियों ने आरडब्ल्यूए महासंघ के माध्यम से जिलाधिकारी और नगरायुक्त से शिकायत ...और पढ़ें

अतिक्रमण समेत विभिन्न समस्याओं से जूझ रहे लोग
HighLights
लोहिया नगर पार्क के सामने अतिक्रमण, गंदगी से लोग त्रस्त।
साहिबाबाद आरडब्ल्यूए महासंघ ने जिलाधिकारी, नगरायुक्त से की शिकायत।
पार्क में साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय की मांग की गई।
जागरण संवाददाता, साहिबाबाद। साहिबाबाद स्थित लोहिया नगर पार्क के सामने अतिक्रमण, गंदगी समेत विभिन्न समस्याओं से यहां के लोग जूझ रहे हैं। इसको लेकर साहिबाबाद आरडब्ल्यूए महासंघ ने जिलाधिकारी और नगरायुक्त से शिकायत करते हुए इन समस्याओं से राहत दिलाने की मांग की है।
महासंघ के पदाधिकारियों ने शनिवार को पार्क का निरीक्षण किया। निरीक्षण में पाया गया कि नगर निगम कर्मियों ने अतिक्रमण हटाने के नाम पर केवल खानापूर्ति की है।
पार्क के सामने स्कूल वाली एक साइड से ही रेहड़ी-पटरी हटाई गई हैं, जबकि पार्क की तरफ साइड से अतिक्रमण करने वालों को नहीं हटाया गया है। पूछताछ में पटरी वालों ने बताया कि जो रुपये देते हैं उन्हें नहीं हटाया गया है।
क्षेत्र में सबसे बड़ी समस्या है जाम
पदाधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में सबसे बड़ी समस्या जाम के कारण होती है। अतिक्रमण से बच्चों व अभिभावकों को आने-जाने के दौरान प्रतिदिन जाम से जूझना पड़ता है। जूस व अन्य विक्रेता कचरा नाले में डाल रहे हैं। इससे पार्क में दुर्गंध आती रहती है।
पार्क में साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय समेत विभिन्न समस्याएं हैं। संयोजक प्रमोद राणा ने मांग की कि पार्क के चारों ओर से अतिक्रमण हटाकर क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त किया जाए। साथ ही पार्क में साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय व सुंदरीकरण का कार्य तुरंत कराया जाए।
खबरें और भी
इस मौके पर देवराज सिंह, नन्द किशोर लोधी, वीरेंद्र कुमार, पवन चौहान, विपिन तलवार, प्रीति सिंह, प्रीति जैन, सीमा बक्शी, मुकेश राणा, चौधरी तेजवीर आदि मौजूद रहे।