कांवड़ियों की भीड़ से गाजियाबाद में ट्रैफिक डायवर्ट, सिद्धार्थ विहार से मेरठ तिराहा रूट बंद; आज से बढ़ेगा दबाव
गाजियाबाद में कांवड़ियों की बढ़ती भीड़ के कारण ट्रैफिक पुलिस ने सिद्धार्थ विहार से मेरठ तिराहे की ओर जाने वाले वाहनों की नो-एंट्री कर दी है। इससे कई म ...और पढ़ें

संजय नगर आरओबी पर लगा जाम। जागरण
HighLights
सिद्धार्थ विहार से मेरठ तिराहा मार्ग वाहनों के लिए बंद।
कांवड़ियों की भीड़ से राजनगर एक्सटेंशन पर भी जाम।
सोमवार से शहर में यातायात दबाव बढ़ने की आशंका।
जागरण संवाददाता, गाजियाबाद। कांवड़ियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने सिद्धार्थ विहार से मेरठ तिराहे की ओर आने वाले वाहनों की नो-एंट्री कर दी है। इस मार्ग से आने वाले वाहनों को विजयनगर से धोबीघाट आरओबी होते हुए चौधरी मोड़ और फिर बस अड्डे की तरफ निकाला जा रहा है।
वहीं, मेरठ रोड पर कांवड़ियों की संख्या बढ़ने के कारण राजनगर एक्सटेंशन चौराहे पर भी यातायात को रोक-रोककर निकाला जा रहा है। इसका असर शनिवार को संजय नगर आरओबी और राजनगर एक्सटेंशन मुख्य मार्ग पर दिखाई दिया। कई बार वाहनों की लंबी कतार लगने से वाहन चालकों को परेशानी हुई।
वैकल्पिक मार्गों का लेना पड़ेगा सहारा
रविवार शाम से चौधरी मोड़ से घंटाघर की तरफ भी सामान्य वाहनों की आवाजाही बंद किए जाने की तैयारी है। ऐसे में जीटी रोड पर केवल रेलवे रोड की तरफ जाने वाले वाहनों को ही आगे जाने की अनुमति दी जाएगी।
इससे शहर के भीतर आने-जाने वाले वाहनों को वैकल्पिक मार्गों का सहारा लेना पड़ेगा। कांवड़ियों की संख्या बढ़ने के साथ मेरठ रोड पर भी यातायात व्यवस्था लगातार सख्त की जा रही है।
राजनगर एक्सटेंशन पर वाहनों को रोककर निकालने की व्यवस्था से आसपास के संपर्क मार्गों पर भी दबाव पड़ रहा है। रविवार को श्रद्धालुओं की संख्या और बढ़ने की संभावना को देखते हुए डायवर्जन को जरूरत के अनुसार और कड़ा किया जा सकता है।
खबरें और भी
मंदिर के आसपास होगा कांवड़ियों का जमावड़ा
स्थानीय कांवड़ियों के आने के कारण रविवार शाम और सोमवार को स्थानीय कांवड़ियों का जमावड़ा होगा। गौशाला अंडरपास में भी विजयनगर और जस्सीपुरा मोड की तरफ आवाजाही के लिए बंद किया जाएगा। कांवड़ियों की भीड़ एमएमजी जिला अस्पताल, शंभू दयाल इंटर कालेज, शंभू दयाल डिग्री कालेज में जुटेगी।
सोमवार को ज्यादा चुनौती
रविवार को अवकाश होने के कारण आमतौर पर सड़कों पर वाहनों का दबाव कम रहता है, लेकिन सोमवार से स्थिति बदल सकती है। कार्यालय और कारोबार के लिए निकलने वाले वाहनों की संख्या बढ़ेगी।
ऐसे में सिद्धार्थ विहार से मेरठ तिराहा, चौधरी मोड़, जीटी रोड और न्यू लिंक रोड के आसपास यातायात का दबाव बढ़ने की संभावना है। ट्रैफिक पुलिस को एक साथ कांवड़ियों की सुरक्षित आवाजाही और सामान्य यातायात को संचालित करना होगा।
कांवड़ियों की संख्या बढ़ने के साथ यातायात व्यवस्था में आवश्यक बदलाव किए जा रहे हैं। सिद्धार्थ विहार से मेरठ तिराहे की ओर वाहनों का प्रवेश बंद है और यातायात को वैकल्पिक मार्ग से निकाला जा रहा है। चौधरी मोड़ से घंटाघर की ओर भी स्थिति के अनुसार यातायात रोका जा सकता है।
वरूण कुमार सिंह, एडीसीपी ट्रैफिक