Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    गाजियाबाद RTO में वाहन पोर्टल की तकनीकी खराबी से कामकाज ठप, वाहन मालिक परेशान

    Updated: Wed, 13 May 2026 06:42 PM (IST)

    वाहन पोर्टल में तकनीकी दिक्कतों के कारण गाजियाबाद आरटीओ का कामकाज बुरी तरह प्रभावित हो रहा है, जिससे वाहन मालिक परेशान हैं। ...और पढ़ें

    तस्वीर एआई जनरेटेड

    तस्वीर एआई जनरेटेड

    HighLights

    1. वाहन पोर्टल में तकनीकी दिक्कतों से आरटीओ कामकाज प्रभावित।

    2. धीमी गति, बार-बार लॉगआउट से लाइसेंस, पंजीकरण रुके।

    3. गाजियाबाद आरटीओ ने समाधान हेतु परिवहन आयुक्त को लिखा पत्र।

    जागरण संवाददाता, गाजियाबाद। पिछले कई दिनों से वाहन संबंधी कार्यों के लिए उपयोग किए जाने वाले वाहन पोर्टल में आ रही तकनीकी दिक्कतों ने वाहन स्वामियों के साथ-साथ आरटीओ कार्यालय की कार्यप्रणाली को भी बुरी तरह प्रभावित कर दिया है।

    पोर्टल की अत्यंत धीमी गति और बार-बार लागआउट होने की समस्या के कारण कार्यालय में रोजमर्रा के कामकाज लंबित होते जा रहे हैं।

    अधिकारियों का कहना है कि पोर्टल की खराब कार्यक्षमता के कारण फाइलों का निस्तारण समय पर नहीं हो पा रहा है। इससे न केवल विभागीय कार्य प्रभावित हो रहे हैं, बल्कि आरटीओ कार्यालय में अपने कार्य के लिए पहुंचने वाले वाहन स्वामियों को भी काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

    आरटीओ अधिकारियों के अनुसार, पिछले दो दिनों से सर्वर की स्थिति लगभग बंद जैसी बनी हुई है। पोर्टल बार-बार हैंग हो रहा है और लागआउट की समस्या लगातार बनी हुई है। इससे लाइसेंस, रजिस्ट्रेशन, ट्रांसफर, परमिट, टैक्स जमा जैसे कई जरूरी कार्य प्रभावित हो रहे हैं।

    शीघ्र समाधान की मांग की गई

    इस गंभीर समस्या को देखते हुए आरटीओ कार्यालय की ओर से परिवहन आयुक्त को पत्र भेजकर स्थिति से अवगत कराया गया है और शीघ्र समाधान की मांग की गई है।

    अधिकारियों ने अनुरोध किया है कि एनआइसी को निर्देशित कर वाहन पोर्टल एवं सारथी साफ्टवेयर को तकनीकी रूप से और अधिक सुदृढ़ किया जाए, ताकि आम जनता और विभागीय कार्यों में आ रही बाधाओं को दूर किया जा सके।

    पोर्टल की इस स्थिति के कारण वाहन स्वामियों में भी रोष की स्थिति उत्पन्न हो गई है। लोग घंटों कार्यालय में इंतजार करने के बावजूद अपने कार्य नहीं करा पा रहे हैं।

    यदि जल्द ही समस्या का समाधान नहीं हुआ तो स्थिति और गंभीर हो सकती है। इस संबंध में एआरटीओ प्रशासन अशोक कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि शासन को पत्र के माध्यम से समस्या से अवगत कराया गया है, जल्द ही समाधान की उम्मीद है।

    खबरें और भी