विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गाजियाबाद में बस चालकों की मनमानी से एनएच नौ पर फिर लगा जाम, वाहनों की लंबी कतारें

Updated: Wed, 04 Mar 2026 04:46 AM (IST)

बस चालकों की मनमानी के कारण मंगलवार को एनएच-9 पर फिर भीषण जाम लग गया। होली के चलते यात्रियों की भीड़ और बसों के बेतरतीब ढंग से रुकने से छिजारसी, साया ...और पढ़ें

एनएच 9 पर लगा लंबा जाम।

एनएच 9 पर लगा लंबा जाम।

HighLights

  1. बस चालकों की मनमानी से एनएच-9 पर लगा भीषण जाम।

  2. होली के कारण यात्रियों की भीड़, बसों का बेतरतीब ठहराव।

  3. पुलिस के बावजूद शाम से रात तक बनी रही जाम की स्थिति।

जागरण संवाददाता, साहिबाबाद। बस चालकों की मनमानी के कारण एक बार फिर लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। बस चालकों द्वारा एनएच नौ पर बेतरतीब ढंग से बस खड़ी कर सवारियों को बैठाने के चक्कर में कई जगह जाम लगा। छिजारसी, साया सोसायटी के पास व काला पत्थर रोड सामने एनएच नौ पर वाहन जाम से जूझे।

इस दौरान वाहनों की लंबी कतारें लग गई। मौके पर पहुंची पुलिस लगातार बसों का हटवाकर जाम खुलवाती रही लेकिन शाम से रात तक जाम के वही हालात रहे।

हाेली पर लोगों की अधिक भीड़ को देखते हुए परिवहन निगम द्वारा अतिरिक्त बसें चलाई गई हैं। इसके साथ ही निजी व डग्गामार बसों की भी सड़कों पर भरमार है। बड़ी संख्या में लोग त्योहार के चलते अपने घरों का रुख कर रहे हैं। इस कारण सबसे अधिक परेशानी एनएच-9 पर ट्रांस हिंडन क्षेत्र में हो रही है।

पिछले कई दिनों से यातायात के दबाव और बस चालकों की मनमानी के कारण जाम लग रहा है। इससे हजारों लोगों को परेशानी हो रही है। मंगलवार को भी बस चालकों की मनमानी के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। एनएच-9 पर सड़क के बीचोंबीच बस चालक बस रोककर सवारी बैठाते रहे और पीछे यातायात बाधित रहा।

इस कारण कई स्थानों पर जाम की स्थिति रही। जाम को देखते हुए कई स्थानों पर पुलिस की तैनाती की गई थी लेकिन यह नाकाफी रही। एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव का कहना है कि त्योहारों के मद्देनजर एनएच-9 समेत अन्य मार्गाें पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। जाम न लगे इसके प्रयास किए जा रहे हैं।

यह भी पढ़ें- गाजियाबाद के खोड़ा में डिलीवरी ब्वाय का शव फंदे पर मिला, परिवार ने हत्या का लगाया आरोप