देश में सबसे प्रदूषित रहा गाजियाबाद, बूंदाबांदी का नहीं दिखा असर
मंगलवार को गाजियाबाद देश का सबसे प्रदूषित शहर रहा, जहां एक्यूआई 376 (गंभीर श्रेणी) दर्ज किया गया। लोनी में एक्यूआई 413 के साथ सबसे अधिक था। दिन भर रुक ...और पढ़ें

गाजियाबाद शहर में छाई स्मॉग का नजारा। फाइल फोटो- जागरण

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, साहिबाबाद। देश के 238 शहरों में मंगलवार को गाजियाबाद सबसे प्रदूषित रहा। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार एक्यूआई गंभीर श्रेणी में 376 दर्ज किया गया। लोनी क्षेत्र जिले में सबसे प्रदूषित रहा। यहां का एक्यूआई 413 दर्ज किया गया। तमाम योजनाओं के दावों के बाद भी प्रदूषण के बढ़ते स्तर पर रोक नहीं लग पा रही है। वहीं, बूंदाबांदी का भी कोई खास असर देखने को नहीं मिला।
सोमवार को जिले का एक्यूआई 302 बेहद खराब श्रेणी में दर्ज किया गया था। मंगलवार को इसमें 74 अंक की बढोतरी दर्ज की गई। लगातार बढ़ते प्रदूषण के कारण लोग परेशान हैं। हालांकि मंगलवार को सुबह से ही बूंदाबांदी शुरू हो गई थी।
शाम तक रूक-रूक कर बूंदाबांदी होती रही। इससे वायुमंडल में उड़ रहे धूल के कण धुल गए। इसका भी प्रदूषण पर कोई खास असर देखने को नहीं मिला। हालांकि अधिकारियों का कहना है कि वर्षा या बूंदाबांदी का असर अगले दिन दिखाई देता है। बुधवार को एक्यूआई में गिरावट आएगी।
लोनी के लोग सबसे जहरीली हवा में रह रहे
जिले में इंदिरापुरम, वसुंधरा, लोनी व संजय नगर में प्रदूषण मापक यंत्र लगाए गए हैं। इनमें लोनी की हवा सबसे जहरीली बनी हुई है। यहां का वायु गुणवत्ता सूचकांक 413 सबसे अधिक दर्ज किया गया। इसके अलावा इंदिरापुरम, संजय नगर व वसुंधरा की हवा बेहद खराब श्रेणी में दर्ज की गई।
मंगलवार को एक्यूआई की स्थिति
- गाजियाबाद 376
- इंदिरापुरम 392
- संजय नगर 309
- वसुंधरा 390
- लोनी 413

