गाजियाबाद काजीपुरा मर्डर केस: खेत में मिला युवती का गला कटा शव, 500 CCTV खंगालने के बाद भी पुलिस के हाथ खाली
गाजियाबाद के काजीपुरा गांव में ज्वार के खेत में एक युवती का गला कटा शव मिला है, जिसकी पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर एआई जनरेटेड।
HighLights
काजीपुरा गांव के खेत में युवती का गला कटा शव मिला।
पुलिस ने 500 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले।
1000 से अधिक मोबाइल नंबरों का डेटा जुटाया गया।
जागरण संवाददाता, गाजियाबाद। वेव सिटी थाना क्षेत्र के काजीपुरा गांव में ज्वार के खेत में युवती का गला कटा शव मिलने के मामले में पुलिस दूसरे दिन भी किसी ठोस नतीजे पर नहीं पहुंच सकी।
युवती की पहचान नहीं हो सकी है। हत्यारों तक पहुंचने के लिए पुलिस ने दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे, एनएच-9, सर्विस रोड और काजीपुरा-बयाना मार्ग पर लगे 500 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, लेकिन कोई अहम सुराग हाथ नहीं लगा।
जांच के दौरान एक कार संदिग्ध दिखाई देने पर पुलिस टीम उसका पीछा करते हुए मुजफ्फरनगर तक पहुंची। हालांकि वहां चालक और अन्य लोगों से पूछताछ में यह स्पष्ट हो गया कि उनका इस वारदात से कोई संबंध नहीं है। इसके बाद पुलिस फिर से अन्य बिंदुओं पर काम कर रही है।
पुलिस के अनुसार घटना वाली रात इस मार्ग से करीब 350 वाहन गुजरे थे। ऐसे में जांच का दायरा बढ़ाते हुए एक हजार से अधिक मोबाइल नंबरों का बेस ट्रांसीवर स्टेशन (बीटीएस) डाटा जुटाया गया है।
पुलिस मोबाइल नंबरों की तलाश रही लोकेशन और मूवमेंट
पुलिस इन मोबाइल नंबरों की लोकेशन और मूवमेंट का विश्लेषण कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि घटना के समय कौन-कौन लोग घटनास्थल के आसपास मौजूद थे।
बता दें कि गुरुवार की सुबह करीब नौ बजे काजीपुरा गांव के ज्वार के खेत में करीब 25 वर्षीय युवती का शव मिला था। उसके गले पर धारदार हथियार से गहरा वार किया गया था। खेत के भीतर शव तक घसीटने के निशान और कई जगह फसल टूटी हुई मिली थी।
पुलिस का मानना है कि युवती की हत्या कहीं और करने के बाद शव खेत में फेंका गया। मौके से फोरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य जुटाए थे। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।