विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गाजियाबाद में हापुड़ चुंगी एलिवेटेड फ्लाईओवर का थ्री-डी डिजाइन जारी, अगले माह शुरू हो सकता है निर्माण

Updated: Tue, 11 Aug 2026 09:10 PM (IST)

गाजियाबाद में हापुड़ चुंगी चौराहे पर 115.55 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले चार लेन एलिवेटेड फ्लाईओवर का जीडीए ने थ्री-डी डिजाइन जारी किया है।

हापुड़ चुंगी एलिवेटेड रोड का थ्रीडी डिजाइन जारी। फोटो: जीडीए

हापुड़ चुंगी एलिवेटेड रोड का थ्रीडी डिजाइन जारी। फोटो: जीडीए

HighLights

  1. 115.55 करोड़ रुपये से बनेगा चार लेन एलिवेटेड फ्लाईओवर।

  2. शास्त्रीनगर-राजनगर के बीच सिग्नल फ्री आवाजाही, सितंबर में निर्माण शुरू।

  3. हापुड़ चुंगी चौराहे पर भीषण जाम से मिलेगी बड़ी राहत।

जागरण संवाददाता, गाजियाबाद : हापुड़ चुंगी चौराहे पर लगने वाले भीषण यातायात जाम से लोगों को जल्द राहत मिलने की उम्मीद है। जीडीए करीब 115.55 करोड़ रुपये की लागत से चार लेन एलिवेटेड फ्लाईओवर का निर्माण कराएगा।

प्राधिकरण ने फ्लाईओवर के थ्री-डी डिजाइन की झलक जारी की है। इसका निर्माण सितंबर माह से शुरू होने की उम्मीद है।

एएलटी सेंटर से राजनगर तक बनेगा फ्लाईओवर

यह फ्लाईओवर एएलटी सेंटर, शास्त्री नगर से राजनगर की ओर लगभग 1.2 से 1.6 किलोमीटर लंबा होगा। इसके बनने के बाद वाहन चालक रेड लाइट को पूरी तरह पार कर सकेंगे। इससे हापुड़ चुंगी चौराहे पर लगने वाले लंबे जाम से लोगों को राहत मिलेगी।

प्रस्तावित फ्लाईओवर की कुल चौड़ाई 17.61 मीटर होगी, जिसमें दोनों ओर 7.5-7.5 मीटर चौड़ा कैरिजवे बनाया जाएगा। साथ ही दोनों तरफ दो-दो लेन की सर्विस रोड भी विकसित की जाएगी, जिससे स्थानीय यातायात प्रभावित नहीं होगा।

hapur chungi

पीएससी गर्डर और स्टील संरचना से होगा निर्माण

जीडीए से मिली जानकारी के अनुसार, फ्लाईओवर का निर्माण आधुनिक इंजीनियरिंग तकनीकों का इस्तेमाल करते हुए किया जाएगा। इसे पीएससी गर्डर, स्टील आर्च और कंपोजिट स्टील संरचना से तैयार किया जाएगा। इसकी नींव आरसीसी पियर, एबटमेंट और पाइल फाउंडेशन पर आधारित होगी।

प्राधिकरण के अनुसार, परियोजना के लिए 45 मीटर राइट आफ वे प्रस्तावित है, जबकि मौके पर 50 मीटर चौड़ाई उपलब्ध होने के कारण अतिरिक्त भूमि अधिग्रहण की आवश्यकता भी नहीं पड़ेगी।

लाखों लोगों का आवागमन होगा सुगम

फ्लाईओवर बनने के बाद शास्त्री नगर, राजनगर और आसपास के क्षेत्रों के लाखों लोगों को निर्बाध आवागमन की सुविधा मिलेगी। यात्रा समय और ईंधन की बचत के साथ सड़क सुरक्षा भी बेहतर होगी। स्कूलों, कामकाजी और नौकरीपेशा लोगों को एक के बाद एक थोड़ी-थोड़ी देर बाद होने वाली रेड लाइट के कारण जाम में फंसने से निजात मिलेगी।

hapur chungi 1

टेंडर प्रक्रिया पूरी, सितंबर से शुरू होगा काम

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हापुड़ चुंगी एलिवेटेड फ्लाईओवर का शिलान्यास किया था। इसकी टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। इसका थ्री डी डिजाइन जारी किया गया है। उम्मीद है कि अगले माह तक इसका निर्माण कार्य आरंभ कर दिया जाएगा। बेहतरीन आधुनिक इंजीनियरिंग के साथ तय समय सीमा में फ्लाईओवर गाजियाबाद के लोगों की सुविधा के लिए समर्पित करने की तैयारी है।

- नन्द किशोर कलाल, उपाध्यक्ष जीडीए

यह भी पढ़ें- आज शाम 6 बजे खुलेगा दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे, नोएडा-गाजियाबाद वालों को मिलेगी बड़ी राहत