गाजियाबाद में पुलिस वाला बनकर बस अड्डे पर करता था उगाही, अब हुआ गिरफ्तार
गाजियाबाद में एक युवक पुलिसकर्मी बनकर ठेली वालों से अवैध उगाही करते हुए गिरफ्तार किया गया है। ...और पढ़ें

आरोपी गिरफ्तार। जागरण
HighLights
गाजियाबाद में नकली पुलिसकर्मी गिरफ्तार, ठेली वालों से उगाही।
आरोपी ललित कुमार ने अवैध वसूली की बात स्वीकारी।
शराब तस्कर मुनिराम को कोर्ट ने 1500 रुपये जुर्माना लगाया।
जागरण संवाददाता, गाजियाबाद। सिहानी गेट पुलिस ने पुराना बस अड्डा के पास ठेली वालों से पुलिसकर्मी बनकर अवैध उगाही करने वाला एक युवक गिरफ्तार किया है। एसीपी नंदग्राम जियाउद्दीन अहमद के मुताबिक पकड़ा गया आरोपित घूकना मोड़ निवासी ललित कुमार है।
पूछताछ में आरोपित ने बताया कि वह कोई काम नहीं करता है। ठेली वालों से उगाही कर वह अपना खर्चा चलाता है। आरोपित से पुलिस ने उगाही के डेढ़ हजार रुपये भी बरामद किए हैं।
कोर्ट ने शराब तस्कर को डेढ़ हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई
वहीं मुरादनगर थाना क्षेत्र में शराब तस्करी के मामले में कोर्ट ने जुर्म स्वीकार करने पर तस्कर को डेढ़ हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई है। मुरादनगर पुलिस ने मकरेड़ा निवासी मुनिराम को मार्च 2021 में 20 पव्वे शराब के साथ दबोचा था। सुनवाई के दौरान आरोपित ने कोर्ट में स्वेच्छा से अपना अपराध स्वीकार कर लिया और न्यूनतम दंड देने की गुहार लगाई।
विशेष न्यायिक मजिस्ट्रेट दिनेश कुमार-प्रथम ने आरोपित मुनिराम को आबकारी अधिनियम की धारा 60 के तहत दोषी करार देते हुए 1500 रुपये के अर्थदंड से दंडित किया। कोर्ट ने आदेश दिया कि जुर्माना जमा नहीं करने पर मुनिराम को 10 दिन का साधारण कारावास भुगतना होगा।