विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

युवकों ने दूल्हे के हाथ में थमाई तीन पिस्टल, सगाई समारोह में हर्ष फायरिंग का वीडियो वायरल

Updated: Wed, 08 Apr 2026 07:47 PM (IST)

गाजियाबाद के राज राजेश्वरी फार्म हाउस में एक सगाई समारोह के दो वीडियो वायरल हुए हैं। इनमें कुछ युवक दूल्हे को तीन पिस्टल थमाते और एक युवक हवा में फायरिंग करते दिख रहा है।

एचआरआइटी के पास स्थित राज राजेश्वरी फार्म हाउस में शादी समारोह के दौरान दूल्हे के हाथ में जबरन पिस्टल देते दोस्त। वीडियो ग्रैब

एचआरआइटी के पास स्थित राज राजेश्वरी फार्म हाउस में शादी समारोह के दौरान दूल्हे के हाथ में जबरन पिस्टल देते दोस्त। वीडियो ग्रैब

HighLights

  1. सगाई समारोह में दूल्हे को तीन पिस्टल थमाई गईं

  2. एक युवक ने हवा में दो बार हर्ष फायरिंग की

  3. पुलिस ने वीडियो का संज्ञान लेकर जांच शुरू की

जागरण संवाददाता, गाजियाबाद। मधुबन बापूधाम थाना क्षेत्र के राज राजेश्वरी फार्म हाउस में कुछ युवकों द्वारा दूल्हे के हाथ में तीन पिस्टल थमाने और एक युवक द्वारा पिस्टल से फायरिंग करने के दो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए। पहले वीडियो में कुछ युवक पिस्टल से दूल्हे के साथ दुलार करते दिख रहे हैं। जबकि दूसरे वीडियो में युवक हवा में फायरिंग कर रहा है। दोनों वीडियो का संज्ञान लेकर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। दूल्हे की शिनाख्त हो गई है। पुलिस फायरिंग करने वाले युवक की तलाश में जुटी है।

राज राजेश्वरी फार्म हाउस, एचआरआईटी कॉलेज के पीछे 21 जनवरी को मुरादनगर शाहपुर गांव के रहने वाले रजत त्यागी का सगाई कार्यक्रम आयोजित हुआ था। बुधवार को इस समारोह का अचानक एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। पहला वीडियो 24 सेकंड का है।

'आज हंस ले कल रोना पड़ेगा...'

वीडियो में दूल्हे ने शेरवानी पहन रखी है। वीडियो के बैक ग्राउंड में आज हंस ले कल रोना पड़ेगा... गाना बज रहा है। तीन युवक दूल्हे के हाथ में पहले पिस्टल देते हैं। दूल्हा हंसते हुए पिस्टल अपने हाथ में नहीं लेता। दूल्हे को पकड़कर उसके हाथ में जबरन पिस्टल देने की कोशिश की जाती है।

युवक तीनों पिस्टल को दूल्हे के चारों ओर लेकर घूमते दिख रहे हैं। इस दौरान कुछ युवक मोबाइल से वीडियो बना रहे हैं। दूसरा वीडियो तीन सेकंड का है। इस वीडियो में सफेद शर्ट और काली पेंट पहने हुए युवक सगाई समारोह में हवा में दो बार हर्ष फायरिंग करते हुए दिख रहा है। वीडियो का संज्ञान लेकर पुलिस फार्म हाउस के बाहर पहुंची तो वीडियो की तस्दीक हुई।

इतनी पिस्टल कहां से आईं?

पुलिस पता लगाने में जुटी हैं कि दोनों वीडियो में चार पिस्टल का प्रयोग किया गया है। ये पिस्टल कहां से लाई गई हैं। पिस्टल का प्रदर्शन क्यों किया गया। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि सभी पिस्टल का लाइसेंस है या नहीं। यदि किसी पिस्टल का लाइसेंस हैं तो पुलिस उसका लाइसेंस रद कराएगी।

यह भी पढ़ें- गाजियाबाद के इंदिरापुरम में बिल्डिंग से गिरी 18 वर्षीय युवती, संदिग्ध मौत पर परिजनों का हंगामा

पुलिस ने दोनों वीडियो का संज्ञान लेकर जांच शुरू कर दी है। वीडियो में दिख रहे दूल्हे की तस्दीक हो गई है। हर्ष फायरिंग करने वाले आरोपित की तलाश की जा रही है।


-

- सूर्यबली मौर्या, एसीपी, कवि नगर