Kanwar Yatra में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, 28 जुलाई से पहले पूरे करे सभी काम; गाजियाबाद डीएम ने दिए सख्त निर्देश
गाजियाबाद जिलाधिकारी ने कांवड़ यात्रा मार्ग और कंट्रोल रूम का निरीक्षण कर 28 जुलाई तक सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए हैं। ...और पढ़ें

कांवड़ मार्ग का निरीक्षण करते जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़। सौ. प्रशासन
HighLights
जिलाधिकारी ने कांवड़ मार्ग और कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया।
सभी विभागों को 28 जुलाई तक कार्य पूरे करने के निर्देश।
कांवड़ यात्रा के लिए आठ कंट्रोल रूम और हेल्पलाइन नंबर जारी।
जागरण संवाददाता, गाजियाबाद। कांवड़ यात्रा में तैयारियों को लेकर किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी संबंधित विभाग के अधिकारी 28 जुलाई से पहले सभी कार्य पूरा कर लें। यह निर्देश जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ ने शनिवार को कांवड़ मार्ग व कांवड़ यात्रा के मद्देनजर बनाए गए कंट्रोल रूम के निरीक्षण के दौरान कहीं।
उन्होंने मेरठ तिराहा स्थित कंट्रोल रूम का निरीक्षण कर वहां पर संचालित व्यवस्थाओं के बारे में विस्तार से जानकारी की। इसके बाद कादराबाद, मुरादनगर गंगनहर व पाइपलाइन मार्ग का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कुछ विद्युत पोल को कवर करने का कार्य अधूरा मिला, उसे जल्द ही पूरा कराने के विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए।

कांवड़ मार्ग के किनारे उगी झाड़ियों और अवरोधों को हटाने के लिए वन विभाग के अधिकारियों से कहा। उन्होंने जिला पंचायती राज विभाग, नगर निगम, लोक निर्माण विभाग व सिंचाई विभाग के अधिकारियों से कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर कांवड़ यात्रा को सकुशल, शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थिति रूप से संपन्न कराने की जिम्मेदारी जिला प्रशासन की है।
अपने विभाग से संबंधित कार्य सभी अधिकारी 28 जुलाई से पहले अवश्य पूरा कर लें, इसमें किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। सभी विभाग के अधिकारी आपसी समन्वय बनाकर कांवड़ यात्रा को सफल बनाने का कार्य करें।
आठ कंट्रोल रूम बनाए गए, हेल्पलाइन नंबर जारी
कांवड़ यात्रा के मद्देनजर जिले में आठ कंट्रोल रूम बनाए गए है। जिला प्रशासन की ओर से कंट्रोल रूम के हेल्पलाइन नंबर भी जारी कर दिए गए हैं। कलक्ट्रेट स्थित कंट्रोल रूम में 0120 - 2989508, राज चोपला स्थित कंट्रोल रूम में 01232 - 299210, गंगनहर पर बने कंट्रोल रूम में 01232 - 299212, मेरठ तिराहा स्थित कंट्रोल रूम में 0120 - 2989507, दूधेश्वरनाथ मंदिर में बने कंट्रोल रूम में 0120 - 2989506, टीला मोड पर बने कंट्रोल रूम में 0120 - 2989509, पुलिस कांवड़ सेल कंट्रोल रूम में 7017652500, एनडीआरएफ कंट्रोल रूम में 9412221035 नंबर पर फोन कर श्रद्धालु सहित अन्य लोग संपर्क कर सकेंगे।