मोहन नगर के पास सड़क पार कर रही मौसी-भांजी की रोडवेज बस से कुचलकर मौत
गाजियाबाद के मोहननगर में जीटी रोड पार कर रही मौसी-भांजी को तेज रफ्तार रोडवेज बस ने कुचल दिया, जिससे दोनों की मौत हो गई। हादसे के बाद बस चालक मौके से फ ...और पढ़ें
-1781803980561_m.webp)
रोड पार कर रही मौसी-भांजी को तेज रफ्तार रोडवेज बस ने कुचल दिया।
HighLights
मोहननगर में रोडवेज बस ने मौसी-भांजी को कुचला।
हादसे में गंभीर घायल दोनों की अस्पताल में मौत।
चालक फरार, पुलिस ने बस जब्त कर जांच शुरू की।
जागरण संवाददाता, साहिबाबाद। साहिबाबाद थाना क्षेत्र के मोहननगर में बस पकड़ने के लिए जीटी रोड पार कर रही मौसी-भांजी को एक तेज रफ्तार रोडवेज बस ने कुचल दिया। इस हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गईं। दोनों को नरेंद्र मोहन अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
घटना के बाद आरोपित चालक मौके पर बस छोड़कर फरार हो गया। घटना से गुस्साये लोगों ने बस में तोड़फोड़ की। मौके पर पहुंची पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस ने दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
शादी समारोह में शामिल होने जा रहा था परिवार
दिल्ली के मंगोलपुरी स्थित कत्तर मार्केट की रहने वाली सर्वेश (45) अपनी भांजी दिल्ली के ही करन विहार निवासी खुशी (12), बहन और बहनोई पंकज के साथ बृहस्पतिवार को बुलंदशहर एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए जा रही थीं। मोहननगर पहुंचने पर सभी टैंपो से उतरे और बस पकड़ने के लिए जीटी रोड पार करने लगे।
इस दौरान सर्वेश और खुशी एक साथ थे। इस दौरान जीटी रोड पर डीसीपी कार्यालय से थोड़ा पहले तेज रफ्तार आई रोडवेज बस ने दोनों को टक्कर मार दी। दोनों बस की चपेट में आकर बुरी तरह से घायल हो गई। मौके पर मौजूद लोगों ने बस को रोका और तोड़फोड़ कर दी। आरोपित चालक बस से उतरकर फरार हो गया।
खबरें और भी
उपचार के दौरान दोनों की मौत हो गई
मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को नरेंद्र मोहन अस्पताल में भर्ती कराया, यहां उपचार के दौरान दोनों की मौत हो गई। प्रभारी एसीपी साहिबाबाद अमित सक्सेना का कहना है कि बस को कब्जे में लेकर आरोपित चालक की तलाश की जा रही है। दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। परिवहन निगम को हादसे की जानकारी दी गई है। परिवार की तरफ से तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।