महिला कमांडो की लव मैरिज का खौफनाक अंत, दो साल पहले रक्षा मंत्रालय के क्लर्क से रचाई थी शादी; क्या है पूरा मामला?
दिल्ली पुलिस की महिला कमांडो काजल की उसके पति अंकुर ने डंबल से सिर पर वार कर हत्या कर दी। दो साल पहले प्रेम विवाह करने वाले इस जोड़े में दहेज को लेकर ...और पढ़ें

दिल्ली पुलिस की महिला कमांडो काजल का फाइल फोटो। जागरण

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, गाजियाबाद। दिल्ली पुलिस की महिला कमांडो काजल को प्रेम विवाह के दो साल बाद ही मौत की नींद सुला दिया गया। महिला की हत्या करने वाला कोई दुश्मन नहीं बल्कि उसका प्रेमी (पति) ही है। पति ने जिम में इस्तेमाल होने वाले डंबल से सिर में वार करके काजल की जान ले ली।
नहीं कांपे कातिल पति के हाथ
वारदात को अंजाम देने के दौरान कातिल पति के हाथ भी नहीं कांपे। दो साल पहले जिस प्रेमिका से प्रेम विवाह करते वक्त उसने सात जन्मों का साथ निभाने की कसमें खाई थीं, अब एक झटके में ही उसकी जिंदगी खत्म कर दी। इस सनसनीखेज वारदात से हर किसी का कलेजा दहल उठा है।
डेढ़ साल के मासूम पर नहीं खाया तरस
हत्यारोपी पति ने अपने डेढ़ साल के मासूम बेटे पर भी तरस नहीं खाया। महिला की हत्या के बाद मासूम से उसकी मां की गोद भी छिन गई है। सवाल यह भी है कि अब मासूम बच्चे की देखभाल कौन करेगा? क्योंकि वह तो पत्नि की हत्या के आरोप में जेल चला जाएगा, लेकिन उस मासूम का क्या कसूर जो बेवजह नन्ही सी उम्र में अपने माता-पिता के बिना अकेला हो जाएगा।
भाई को नहीं मिला बचाने तक का मौका
महिला कमांडो काजल के भाई निखिल ने बताया कि बहन से बात करने के दौरान ही अंकुर ने उसके सिर पर जिम में इस्तेमाल होने वाले डंबल से कई वार किए। अभी वह कुछ समझ पाते कि पांच मिनट बाद ही अंकुर ने उन्हें फोन कर बताया कि उसने काजल को मार दिया है।
इसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस को घटना की जानकारी दी और वह खुद भी मौके पर पहुंचे। तब तक अंकुर ने ही अचेत काजल को मोहन गार्डन के तारक अस्पताल में भर्ती करा दिया था, जहां सुधार न होने पर परिजनों ने काजल को 24 जनवरी को नेहरू नगर स्थित यशोदा अस्पताल में भर्ती कराया। वहां इलाज के दौरान मंगलवार को काजल की मृत्यु हो गई।
पति ने पहले भी किया था हमला
बताया गया कि पति अंकुर अपनी कमांडो पत्नी पर 22 जनवरी को दिल्ली में भी हमला किया था। काजल का पति रक्षा मंत्रालय में क्लर्क है। दिल्ली के मोहन गार्डन थाने में उसके पति पर हत्या के प्रयास का केस दर्ज है। दिल्ली पुलिस ने 22 जनवरी को ही आरोपी पति को गिरफ्तार कर जेल भेजा था।
2023 में हुई थी शादी
हरियाणा के गन्नौर के बड़ी गांव के निखिल नई दिल्ली के संसद मार्ग थाने में सिपाही हैं। निखिल की बहन काजल की शादी गन्नौर के ईदगाह निवासी अंकुर से वर्ष 2023 में हुई थी। दोनों ने प्रेम विवाह किया था। अंकुर व काजल दिल्ली के मोहन गार्डन में रहते थे। उनका एक डेढ़ साल का बेटा भी है।
निखिल के मुताबिक, उनकी बहन से प्रेम विवाह के बाद भी अंकुर व उसके परिजन दहेज के लिए परेशान करते थे। 22 जनवरी को भी दोनों में इसे लेकर विवाद हुआ था। इस बीच उनकी बहन ने उन्हें फोन कर विवाद की जानकारी दी थी। अस्पताल से महिला की मौत की सूचना सिहानी गेट पुलिस को दी गई। इसके बाद दिल्ली पुलिस को भी सूचित किया गया।
यह भी पढ़ें- दिल्ली पुलिस की महिला कमांडो की हत्या से सनसनी, पति ने सिर में डंबल से कई वार कर ले ली जान
महिला कमांडो के शव का मंगलवार को ही पोस्टमॉर्टम कराया गया है। मंगलवार रात दिल्ली पुलिस की एक टीम सिहानी गेट थाने पहुंची और पुलिस से पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट ली। महिला के शव का अंतिम संस्कार आज बुधवार को बड़ी गांव में ही होगा।

