फिरोजाबाद: मां-बाप की आंखों के सामने वाटर पार्क में डूबा आठ साल का बच्चा, नहीं मिली मदद; इकलौते बेटे की मौत से परिवार सदमे में
फिरोजाबाद के एक वाटर पार्क में आठ वर्षीय हर्ष की पूल में डूबने से मौत हो गई। माता-पिता की चीख-पुकार के बावजूद कोई मदद नहीं मिली और मां ने खुद बेटे को ...और पढ़ें

आठ साल के हर्ष की मौत के बाद विलाप करतीं मां और रिश्तेदार।
जागरण संवाददाता, फिरोजाबाद। माता-पिता के साथ वाटर पार्क में नहाने गया आठ वर्षीय बालक रविवार रात पूल में डूब गया। माता-पिता मदद के लिए चीखते रहे, लेकिन मदद के लिए कोई कर्मचारी आगे नहीं आया। मां ने खुद ही कलेजे के टुकड़े को पानी से बाहर निकाला। आनन-फानन में उसे सरकारी ट्राॅमा सेंटर लेकर आए, लेकिन डाक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
इसके बाद भी माता-पिता का मन ये मानने को तैयार नहीं था उनका इकलौता बेटा अब नहीं रहा। वे उसे आगरा के निजी अस्पताल ले गए। वहां भी डाक्टर द्वारा मृत घोषित करने पर शव को लेकर घर लौटे। सोमवार सुबह पोस्टमार्टम कराए बिना ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
लाइनपार के रामनगर पुलिस चौकी के पास रहने वाले सतीश वार्ष्णेय पत्नी पूजा, आठ वर्षीय बेटे हर्ष और अपने दोस्तों के साथ रविवार शाम पांच बजे सांती रोड स्थित वाटर पार्क में नहाने के लिए गए थे। वहां बच्चों के पूल में नहाते समय रात आठ बजे हर्ष डूब गया। उन्हें इसकी जानकारी की कुछ समय बाद हुई। कहीं नजर न आने पर माता-पिता ने शोर मचाते हुए तलाश शुरू की।
पिता ने बताया कि हादसे के समय वाटर पार्क में लाइफगार्ड नहीं थे। बेटे की तलाश के लिए भी कोई भी कर्मचारी नहीं आया। 10 मिनट बाद पूजा ने खुद ही बेटे को पूल से बाहर निकाला। आनन-फानन में उसे सरकारी ट्रामा सेंटर लेकर आए। जहां डाक्टर ने मृत घोषित कर दिया। इसके बाद वह उसे आगरा के निजी अस्पताल में ले गए, वहां भी डाक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
खबरें और भी
सोमवार सुबह पुलिस को सूचना दिए बिना शव का अंतिम संस्कार कर दिया। इकलौते बेटे की मृत्यु से मां बेसुध हो गईं। किसी तरह रिश्तेदारों व पड़ोसियों ने उन्हें संभाला।
सतीश ने बताया कि बेटे के कहने पर ही वाटर पार्क गए थे। सोचा नहीं था, ऐसा हो जाएगा। हर्ष से छोटी चार वर्षीय पुत्री नायरा है। सीओ सिटी संतोष कुमार सिंह ने बताया स्वजन की ओर से सूचना नहीं दी गई है। तहरीर मिलने के बाद जांच कर कार्रवाई की जाएगी।