फिरोजाबाद में 'हर घर तिरंगा' अभियान पर विवाद, डूडा ने नगर निगम में भेज दिए 25000 पुराने और फटे झंडे
स्वतंत्रता दिवस के लिए डूडा ने फिरोजाबाद नगर निगम को 25 हजार पुराने और फटे झंडे भेजे, जिससे वितरण के दौरान पार्षदों ने हंगामा किया। मेयर तक मामला पहुं ...और पढ़ें

सहायक नगर आयुक्त निहाल चंद्र (बाएं) को सोमवार को खराब झंडा दिखाते पार्षद नीटू शर्मा (दाएं) : जागरण
HighLights
डूडा ने नगर निगम को 25 हजार पुराने झंडे भेजे
झंडा वितरण के दौरान पार्षदों ने जमकर हंगामा किया
मेयर के निर्देश पर खराब झंडे वापस लौटाए गए
जागरण संवाददाता, फिरोजाबाद। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर हर घर तिरंगा फहराने के लिए डूडा ने नगर निगम को 25 हजार पुराने और फटे झंडे भेज दिए। सोमवार को दोपहर एक बजे जीवाराम हाल में झंडा वितरण के दौरान पार्षद ने ये हाल देखकर हंगामा शुरू कर दिया। मामला मेयर तक पहुंचने के बाद झंडे वापस भेज दिए गए। साथ ही मामले में दोषी अधिकारियों और कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
नगर निगम प्रशासन ने जिला नगरीय विकास अभिकरण (डूडा) को स्वयं सहायता समूहों से 1.28 लाख झंडे बनवाकर उपलब्ध कराने को कहा था। इसमें से 50 हजार झंडे अभी तक भेजे गए हैं।
1.28 लाख झंडे उपलब्ध कराने का दिया गया था ऑर्डर
जीवाराम हाल में सुबह 11 बजे से सभी 70 वार्डों के सुपरवाइजरों और कर्मचारियों को वितरण शुरू किया गया। इस दौरान वार्ड 32 के पार्षद नरेश शर्मा ने फटे और पुराने झंडों का वितरण होते देख हंगामा शुरू कर दिया। इसके बाद बोरी में रखे झंडों की जांच की गई, तो उसमें काफी संख्या में झंडे पुराने मिले। उनका रंग फीका हो गया था, कई कोने से कटे हुए थे। कई झंडों में डंडा लगने की जगह नहीं थी। उन्होंने कहा कि मामले में दोषी अधिकारी, कर्मचारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।
यह भी पढ़ें- Ayodhya Ram Mandir: 5,300 से ज्यादा आवेदनों में से 18 उम्मीदवार शॉर्टलिस्ट, 2 सितंबर को हो सकता है अंतिम ऐलान
जीवाराम हाल में झंडों का हाल देख भड़के पार्षद, मेयर तक पहुंचा मामला
हंगामे की सूचना पर सहायक नगर आयुक्त निहाल चंद्र मौके पर पहुंचे। उनको भी काफी संख्या में झंडे खराब मिले। उन्हाेंने बताया कि 12 बोरी में आए 25 हजार से अधिक खराब झंडे डूडा को वापस कर दिए हैं।
राष्ट्रीय पर्व के अवसर पर पीएम और सीएम के आह्वान पर हर घर तिरंगा अभियान चल रहा है। नगर निगम द्वारा दो लाख झंडे तैयार कराए गए हैं। इसमें डूडा द्वारा भेजे गए काफी झंडे की गुणवत्ता खराब मिली है। इस मामले में जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके विरुद्ध निश्चित रूप से कार्रवाई की जाएगी।
कामिनी राठौर, मेयर