आगरा लखनऊ एक्सप्रेसवे पर खड़ी बस में कंटेनर ने मारी टक्कर, कर्नाटक के छह यात्री घायल; अयोध्या आए थे दर्शन करने
आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर नसीरपुर क्षेत्र में अयोध्या से दिल्ली जा रही एक निजी बस में कंटेनर ने टक्कर मार दी। बस का टायर फटने के कारण वह किनारे खड़ी थी ...और पढ़ें

लखनऊ एक्सप्रेसवे पर दुर्घटना के बाद क्षतिग्रस्त बस।
संवाद सूत्र, शिकोहाबाद (फिरोजाबाद)। आगरा लखनऊ एक्सप्रेसवे पर नसीरपुर क्षेत्र में रविवार रात अयोध्या से दिल्ली जा रही प्राइवेट बस में कंटेनर ने पीछे से टक्कर मार दी। जिससे बस सवार कर्नाटक के छह यात्री घायल हो गए। उनमें से तीन की हालत गंभीर है। घटना से यात्रियों में चीखपुकार मच गई।
टायर फटने के कारण बस किनारे खड़ी हुई थी। घटना रात 1.20 बजे माइल स्टोन 52 की है। अयोध्या से 49 यात्री लेकर दिल्ली जा रही बस का एक टायर फट गया। चालक राजू, निवासी वशिष्ट नगर, बेंगलुरु ने बस को एक्सप्रेसवे पर किनारे खड़ा कर लिया और उसका टायर बदलने लगा। चालक के अनुसार टायर बदल कर उसने बस को स्टार्ट किया।
उसी दौरान पीछे से आ रहे कंटेनर ने बस में टक्कर मार दी। उस समय अधिकांश यात्री सो रहे थे। टक्कर से बस में सबसे पीछे की सीट पर बैठे छह यात्रियों को चोटें आईं।
इनमें से एक ही परिवार की 60 वर्षीय सुशील अम्मा, 65 वर्षीय अज्जप्पा और 64 वर्षीय बहिरप्पा निवासी चिंतामणि थाना कंचाल्ली, जिला चिकबल्लापुर, कर्नाटक को ज्यादा चोटें आईं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उन्हें जिला संयुक्त चिकित्सालय भेजा। यहां से आगरा रेफर कर दिया गया।
इधर तीन घायलों का बस में ही प्राथमिक उपचार किया गया। पुलिस ने बस और कंटेनर को क्रेन की मदद से हटवा कर एक्सप्रेसवे पर आवागमन सुचारू कर दिया। इंस्पेक्टर ज्ञानेन्द्र सोलंकी ने घटना के बाद चालक कंटेनर छोड़कर भाग गया। बस यात्रियों को दूसरे वाहन से भेजा गया। इस मामले में सोमवार रात तक तहरीर नहीं मिली है।