Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    MLA Usha Report Card: हुसैनगंज विधायक ऊषा मौर्य का रिपोर्ट कार्ड: वादे, विकास और अनसुलझे मुद्दे

    Updated: Tue, 21 Jul 2026 09:46 PM (IST)

    हुसेनगंज विधायक ऊषा मौर्य के रिपोर्ट कार्ड में सीसी सड़कें और हैंडपंप जैसे कुछ वादे पूरे हुए, लेकिन बालिका शिक्षा, नहरों में पानी और रोजगार जैसे बड़े ...और पढ़ें

    News Article Hero Image

    HighLights

    1. विधायक निधि से 175 सीसी सड़कें बनीं, 30 प्रस्तावित।

    2. नहरों में टेल तक पानी, रोजगार जैसे बड़े मुद्दे अनसुलझे।

    3. विपक्षी विधायक होने से सरकार पर सहयोग न करने का आरोप।

    जागरण संवाददाता, फतेहपुर। हुसैनगंज विधानसभा सीट में सपा के टिकट से पहली बार विधायक बनीं ऊषा मौर्य से जनता को काफी उम्मीदें थीं। उन्होंने चुनाव के समय जनता से जो वादे किए उनमें विधायक निधि से गांवों में सीसी सड़कों का निर्माण, नए हैंडपंपों की स्थापना, गांवों के प्रमुख चौराहों-तिराहों पर स्ट्रीट लाइटें, यात्री शेड व महापुरुषों के नाम पर मुख्य द्वार का निर्माण ही हो पाया।

    2,82,742 मतदाताओं वाली विधानसभा में बालिका शिक्षा के लिए उच्च शिक्षण संस्थान, नहरों में टेल तक पानी, बेसहारा मवेशियों की समस्या से छुटकारा तथा गंगा तटीय गांवों के लिए पक्की व चौड़ी सड़कों का निर्माण नहीं हो सका।

    हुसैनगंज विस के वोटर

    • कुल मतदाता- 2,82,742
    • पुरुष मतदाता- 1,55,463
    • महिला मतदाता- 1,27,271
    • थर्ड जेंडर- 08

    क्षेत्र में राेजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में काम न होने की वजह से प्रतिवर्ष सैकड़ों पढ़े-लिखे व कामगार युवा, गैर प्रांतों में रहकर रोजीरोटी का जुगाड़ तलाशते हैं। कृषि के क्षेत्र में सिंचाई की सुविधा बेहतर न होने से खेती-किसानी पर आधारित लोग खुद को ठगा महसूस करते हैं।

    चुनाव के समय पर वादे किए गए थे कि कृषि को उन्नतशील बनाने के लिए खाद, बीज और सिंचाई की बेहतर व्यवस्था होगी। खराब राजकीय नलकूपों की मरम्मत और नहरों में टेल तक पानी पहुंचाने की दिशा में सार्थक प्रयास न होने से किसानों की आय में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ।

    किसानों के लिए नजदीक मंडी भी नहीं है। ऐसे में उन्हें उपज का सही दाम नहीं मिल पाता है। किसानों की आर्थिक स्थिति जैसे रही, वहीं पर अटक कर रह गई है। प्रदेश में भाजपा की सरकार होने से क्षेत्रीय विधायक इसका ठीकरा विपक्ष के ऊपर फोड़ रही हैं।

    खबरें और भी

    इनका दावा है कि विधायक निधि से पूरा प्रयास किया गया है कि प्रत्येक गांव में आबादी के अंदर प्रमुख रास्तों को सीसी मार्ग, इंटरलाकिंग या फिर अधिक लंबाई वाले मार्ग पर खड़ंजा लगवा कर लोगों की मुश्किल आसान की गई है। विधायक निधि से 175 सीसी सड़कों का निर्माण कराया जा चुका है।

    30 सड़कें प्रस्तावित हैं, उनमें भी जल्दी ही काम शुरू होगा। प्रदेश में विपक्ष की सरकार होने की वजह से उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया। कई प्रमुख सड़कों के निर्माण, फायर स्टेशन की स्थापना तथा महन्ना ऊसर क्षेत्र में औद्योगिक इकाई की स्थापना करके युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में उनके प्रयास पर सरकार द्वारा ध्यान ही नहीं दिया गया है।

    जनता से किए वादे हुए पूरे, निधि से दूर की समस्याएं

    फायर स्टेशन की स्थापना के लिए दो बार सदन में बात रखी गई। हथगाम सीएचसी परिसर में महिला अस्पताल के लिए लिखकर दिया। बेसहारा मवेशियों को सुरक्षित आश्रय उपलब्ध कराने, प्रमुख सड़कों के निर्माण व चौड़ीकरण के लिए प्रश्न उठाया। क्षेत्र की बदहाल बिजली समस्या को ठीक कराने के लिए प्रयास किया जा रहा है। कई पुल-पुलिया के निर्माण के लिए लिखापढ़ी की गई है। छोटी-छोटी दिक्कतों को तत्काल ही दूर कराने का प्रयास होता है। विधायक निधि से सीसी मार्ग, खड़ंजा, इंटरलाकिंग, स्ट्रीट लाइटों की स्थापना, पेयजल के लिए नए हैंडपंप, यात्री शेड, महापुरुषों व अमर बलिदानियों के नाम पर मुख्य द्वार का निर्माण कराया गया है।

    -ऊषा मौर्य, विधायक हुसैनगंज

    विधायक का समस्याओं से नहीं रहा सरोकार

    सपा विधायक का क्षेत्र के विकास व जनता की समस्याओं से कोई सरोकार नहीं रहा। निधि का पैसा चुनिंदा जगहों पर खर्च हुआ है। इनके कार्यकाल की कोई उपलब्धि हो तो उसके बारे में बात करें। विधानसभा क्षेत्र में जो भी विकास कार्य नजर आ रहे हैं। वह सभी भारतीय जनता पार्टी द्वारा कराए गए हैं। सरकार के प्रयास से क्षेत्र के लोगों को अच्छी सड़कें, पर्याप्त बिजली, पक्के पुल व बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल पा रही हैं।

    -रणवेंद्र प्रताप उर्फ धुन्नी सिंह, भाजपा रनर

    क्षेत्रीय जनता की प्रतिक्रिया

    विपक्ष की विधायक होने के साथ में हुसैनगंज विधायक द्वारा पूरा प्रयास किया गया कि क्षेत्रीय जनता की समस्याओं को दूर कराया जा सके। क्षेत्रीय जनता को कोई समस्या आने पर विधायक को इधर-उधर नहीं तलाशना पड़ता है।

    -विपिन यादव, पहाड़पुर

     

    हुसैनगंज विधायक ने स्वयं तथा सरकार के प्रयास से जो संभव हो सका, क्षेत्र में विकास कराया है। बिजली कटौती, पेयजल, सड़क व बेसहारा मवेशियों की समस्या जस की तस बनी हुई है। किसानों की आय बढ़ाने की दिशा में सार्थक प्रयास होना चाहिए। इस बारे में ध्यान नहीं दिया गया है।

    -डा. वारिस अंसारी, पट्टीशाह

     

    क्षेत्रीय विकास के लिए विपक्ष की विधायक को दोषी नहीं ठहराया जा सकता है। सपा विधायक ने क्षेत्रीय समस्याओं को हल कराने के लिए लगातार आवाज बुलंद की है। यह अलग बात है कि उनकी बातों को अनसुना किया गया है। कई समस्याएं हैं, जिनका हल नहीं निकाला जा सका है।

    -छोटेलाल मौर्य, सेमरा मानापुर

     

    प्रदेश में सपा की सरकार न होने का नुकसान क्षेत्रीय जनता को भुगतना पड़ रहा है। बिजली, पानी, सड़क, शिक्षा और कानून व्यवस्था में सुधार हुआ है। यह बात अलग है कि इन कार्यों में सपा विधायक को क्रेडिट नहीं दिया जाता है। खागा-नौबस्ता मार्ग के भूमिपूजन में ही टकराव देखा गया है।

    -राजकरन यादव, संझिया

    सदन में उठाए सवाल, सभी सत्रों में रही उपस्थिति

    बेसहारा गोवंशियों की समस्या, प्रमुख सड़कों का निर्माण, नहरों के ऊपर पक्के पुल, फायर स्टेशन की स्थापना, बिजली-पेयजल समेत क्षेत्रीय जनता की 50 से अधिक समस्याओं को विधानसभा सत्र में प्रश्नगत रखा गया। सभी सत्रों में शत-प्रतिशत उपस्थिति रहीं।