Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    फतेहपुर में शिक्षिका पत्नी की हत्या, अवैध संबंध का करती थी विरोध, पति ने उतार दिया मौत के घाट

    Updated: Sun, 09 Aug 2026 12:14 AM (IST)

    फतेहपुर के नासिरपीर मुहल्ले में एक शिक्षक पति ने अवैध संबंध का विरोध करने पर अपनी शिक्षिका पत्नी की चापड़ से हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को पानी के ट ...और पढ़ें

    दिवंगत शालिनी यादव, फाइल फोटो। स्रोत स्वजन

    दिवंगत शालिनी यादव, फाइल फोटो। स्रोत स्वजन 

    HighLights

    1. शिक्षक पति ने अवैध संबंध के विरोध पर पत्नी की हत्या की।

    2. शव को पानी के टब में फेंककर पति ने ससुराल वालों को बताया।

    3. पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में लिया, जांच जारी है।

    जागरण संवाददाता, फतेहपुर। नासिरपीर मुहल्ले में अवैध संबंध का विरोध करने पर शिक्षक पति ने शिक्षिका पत्नी की चापड़ से प्रहार करके हत्या कर दी। इसके बाद शव को बरामदे में पानी भरे टब में फेंक कर घर के बाहर चला गया। कुछ देर बाद वापस आकर उसने अपने ससुराल वालों को सूचना दी।

    दिवंगत शिक्षिका के पिता धर्मसिंह यादव और मां फूलमती ने आरोप लगाया कि दामाद के एक अध्यापिका से प्रेम प्रसंग है। पुत्री इसका विरोध करती थी, इसी वजह से झगड़े में दामाद ने पुत्री की चापड़ से सिर व पैर में प्रहार कर हत्या कर दी।

    कोतवाली पुलिस ने आरोपित को हिरासत में लेकर किचन से चापड़नुमा छुरा बरामद किया है। मोबाइल सीडीआर की जांच भी कर रही है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने का इंतजार कर रहे है।


    असोथर थाने के अंदीपुर निवासी शिक्षक दिलीप यादव बहुआ ब्लाक के चक अलीपुर स्थित प्राथमिक विद्यालय में सहायक अध्यापक हैं। शिक्षक ने तीन दिसंबर 2017 को राधानगर थाने के जखनी गांव के पूर्व प्रधान धर्म सिंह यादव की 29 वर्षीय पुत्री शालिनी यादव के साथ प्रेम विवाह किया था।

    दोनों नौ माह से शहर के नासिरपीर में किराए का घर लेकर रह रहे थे। शालिनी पास ही स्थित ट्रुथ मिशन स्कूल में प्राइवेट शिक्षिका थीं। सात वर्षीय पुत्र दार्षिक यादव इस समय ननिहाल में है। पति दिलीप यादव ने बताया कि वह शनिवार सुबह 5:30 बजे टहलने बाहर गए थे।

    खबरें और भी

    सुबह 6:30 बजे के बाद घर लौटे तो पत्नी का शव बरामदे में रखे पानी भरे टब में मुंह के बल पड़ा मिला। सिर के पीछे व एक पैर में चोट थी। उन्होंने इसकी सूचना अपने ससुराल में दी। दिवंगत शिक्षिका की मां फूलमती ने बताया कि जब वह पति धर्म सिंह यादव के साथ पहुंचीं तो पुत्री का शव फर्श पर पड़ा था और सिर व पैर से खून निकल रहा था।

    कोतवाली इंस्पेक्टर हेमंत मिश्रा ने बताया कि दिवंगत के पिता ने संदिग्ध हालत में पुत्री की मौत होने की सूचना दी, जिस पर पोस्टमार्टम कराया गया है।

    सीओ प्रमोद शुक्ला ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज देखे जा रहे हैं। प्रथम दृष्टया हत्या प्रतीत हो रही है।

    एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि दिवंगत शिक्षिका के सिर व पैर में चोट के निशान पाए गए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं साक्ष्यों को संकलित किया जा रहा है। स्वजन की तहरीर मिलते ही आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।