Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    फर्रुखाबाद में आपत्तिजनक वीडियो बनाने पर फायरिंग व पथराव, साइकिलें जलाईं, तनाव के चलते पुलिस बल तैनात

    Updated: Sat, 08 Aug 2026 10:15 PM (IST)

    फर्रुखाबाद में आपत्तिजनक वीडियो बनाने को लेकर हुए विवाद में फायरिंग, पथराव और साइकिलें जलाने की घटना हुई, जिसमें सात लोग घायल हो गए। पुलिस ने मौके पर ...और पढ़ें

    News Article Hero Image

    HighLights

    1. आपत्तिजनक वीडियो बनाने पर फर्रुखाबाद में विवाद हुआ।

    2. विवाद में फायरिंग, पथराव और साइकिलें जलाई गईं।

    3. सात लोग घायल हुए, पुलिस बल तैनात किया गया।

    जागरण संवाददाता, फर्रुखाबाद। आपत्तिजनक वीडियो बनाने का विरोध करने पर शनिवार सुबह दो पक्षों में विवाद हो गया। मामला बढ़ने पर विवाद मारपीट में बदल गया। एक पक्ष से फायरिंग तो दूसरे पक्ष से पथराव किया गया। इस दौरान पांच साइकिलों में भी आग लगा दी गई।

    घर के बाहर लगे तीन बिजली मीटर तोड़ दिए। मारपीट में दोनों पक्षों से सात लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच की। इसके बाद पुलिस तीन लोगों को थाने ले आई। मुहल्ले में तनाव होने पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

    शनिवार सुबह करीब 10 बजे कादरीगेट के मुहल्ला सातनपुर पट्टिया में हर्षित प्रताप सिंह व उसके भाई आर्यन प्रताप सिंह द्वारा आपत्तिजनक स्थिति में घूमकर वीडियो बनाने पर पड़ोसी राजू सक्सेना ने विरोध किया। इस पर दोनों पक्षों में विवाद हो गया।

    मामला बढ़ने पर पांच राउंड फायरिंग कर दी गई। दूसरे पक्ष से पथराव किया गया। इस दौरान राजू सक्सेना के घर के बाहर खड़ी पांच साइकिलों में आग लगा दी गई। इससे मुहल्ले में अफरा तफरी का माहौल हो गया। मारपीट व पथराव से एक पक्ष से राजू सक्सेना, उनका पुत्र आर्यन सक्सेना, पत्नी मधु, अशोक कश्यप की पुत्री प्रियंका, अंशिका, सब्जी दुकानदार साधूलाल और दूसरे पक्ष से हर्षित के पिता रजत प्रताप सिंह घायल हो गए।

    खबरें और भी

    मौके पर लोगों की भीड़ लग गई। थानाध्यक्ष कपिल चौधरी, रोडवेज बस स्टेशन चौकी प्रभारी दयानंद पटेल फोर्स लेकर मौके पर पहुंचे और जांच की। पुलिस रजत प्रताप सिंह व राजू के भाई जगवीर सक्सेना को थाने ले गई। पुलिस ने शाम को लोहिया अस्पताल में दोनों का चिकित्सीय परीक्षण कराया। राजू सक्सेना ने बताया कि रजत व उनका पुत्र आए दिन विवाद करते हैं। आपत्तिजनक स्थिति में घूमकर वीडियो बनाते हैं।

    रजत प्रताप सिंह ने बताया कि यह लोग उन्हें मुहल्ले से भगाना चाहते हैं। आपत्तिजनक वीडियो बनाए जाने के आरोप गलत हैं। थानाध्यक्ष कपिल चौधरी ने बताया कि जांच में फायरिंग की पुष्टि नहीं हुई है। दोनों पक्षों में मारपीट हुई है। राजू सक्सेना के दरवाजे पर हथौड़ा मारा गया था। रजत प्रताप सिंह व जगवीर का शांतिभंग की आशंका में चालान किया गया है।

    छत पर चढ़कर पुलिस को छकाया

    जब पुलिस घटनास्थल पर पहुंची तब रजत प्रताप सिंह और उसके पुत्र आर्यन छत पर चढ़ गए। मुख्य दरवाजा अंदर से बंद कर लिया। जिससे पुलिस को मशक्कत करनी पड़ी। दोनों वीडियो बनाते रहे। पुलिस के समझाने पर रजत प्रताप छत से नीचे उतरकर आए। तब पुलिस उन्हें अस्पताल ले गई।