अनुदेशक ने स्कूल में छात्र को डंडे से पीटा, चचेरी बहन की शिकायत पर अधिकारी ने दिया जांच के आदेश
फतेहगढ़ के एक उच्च प्राथमिक विद्यालय में आठवीं के छात्र हिमांशु को अनुदेशक संजीव यादव ने डंडे से पीटा, जिससे उसकी बांह पर निशान पड़ गए। छात्र की चचेरी ...और पढ़ें

HighLights
आठवीं के छात्र को अनुदेशक ने पीटा।
छात्र की बांह पर डंडे के निशान मिले।
अधिकारियों ने मामले की जांच के आदेश दिए।
जागरण संवाददाता, फतेहगढ़। उच्च प्राथमिक विद्यालय में आठवीं के छात्र की डंडे से पिटाई कर दी गई। इससे उसकी बाह में बत्ते पड़ गई। छात्र ने अनुदेशक पर पीटने का आरोप लगाया है। छात्र की चचेरी बहन ने इसकी शिकायत की है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने खंड शिक्षा अधिकारी से जांच कराने और कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।
बढ़पुर ब्लाक के गांव गुतासी निवासी भानु प्रकाश सिंह का पुत्र हिमांशु गांव में स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय में कक्षा आठ में पढ़ता है। छात्र ने बताया कि वह 1:30 बजे शौचालय से कक्षा में जा रहा था, तभी अनुदेशक संजीव यादव आए और मैदान में घूमने की बात कहकर उसको डंडे से पीटने लगे।
बांह पर पड़े निशान
वहां पर अन्य बच्चे व चचेरी बहन भी आ गई। तब अनुदेशक ने उसको छोड़ा। डंडे से पीटने से उसकी बांह पर निशान पड़ गए हैं। साथ में पढ़ रही चचेरी बहन ने भाई की पिटाई करने की प्रभारी प्रधानाध्यापक व अन्य अधिकारियों से शिकायत की।
यह भी पढ़ें- एक करोड़ 20 लाख से सरयू नदी पर तैयार होगा पीपा पुल, विभाग और एजेंसी के बीच हुआ एग्रीमेंट
अनुदेशक संजीव यादव ने बताया छात्र हिमांशु को ईंट के टुकड़े फेंकने से मना किया, लेकिन उसने बात नहीं मानी तो उसे डाट दिया था। छात्र के साथ मारपीट नहीं की है। प्रभारी प्रधानाध्यापक सीमा राठौर ने बताया कि वह प्रशिक्षण में गई थी, छात्र से मारपीट की जानकारी मिली है।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विश्वनाथ प्रताप सिंह ने बताया कि स्कूल में छात्र से मारपीट होने की अभी शिकायत नहीं मिली है। खंड शिक्षा अधिकारी से जांच कराएंगे।