इटावा में बेसहारा पशुओं का आतंक, सांड़ के सींग घोंपने से सब्जी विक्रेता की मौत, मंडी में मची भगदड़
इटावा के लखना सब्जी मंडी में एक आवारा सांड़ के हमले से 33 वर्षीय सब्जी विक्रेता अमर कुमार की मौत हो गई। इस घटना से मंडी में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक।
HighLights
इटावा के लखना मंडी में सांड के हमले से सब्जी विक्रेता की मौत।
33 वर्षीय अमर कुमार परिवार के एकमात्र कमाने वाले थे।
स्थानीय लोगों ने आवारा पशुओं को पकड़ने की मांग की।
जागरण संवाददाता, इटावा। बकेवर थाना क्षेत्र के लखना सब्जी मंडी में रविवार सुबह बेसहारा सांड़ के हमले में 33 वर्षीय सब्जी विक्रेता की मौत हो गई। सांड़ ने युवक के पेट में सींग घोंप दिया। अचानक हुए हमले से मंडी में अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने युवक को बचाने का प्रयास किया, लेकिन गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक की पहचान अमर कुमार (33) पुत्र रूपराम दोहरे निवासी नगला खादर के रूप में हुई है। अमर गांव-गांव साइकिल से फेरी लगाकर सब्जी बेचकर परिवार का भरण-पोषण करता था। रविवार सुबह करीब 8:30 बजे वह लखना सब्जी मंडी में सब्जी खरीदने पहुंचा था। इसी दौरान मंडी में घूम रहे बेसहारा सांड़ ने अचानक उस पर हमला कर दिया और पेट में सींग घोंप दिया।
घटना के बाद मंडी में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। लोगों ने सांड़ को हटाने और घायल अमर को बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना की जानकारी घर पहुंचते ही स्वजन में चीख-पुकार मच गई। पत्नी ममता, 12 वर्षीय बेटी वैष्णवी, पिता रूपराम, भाई चंद्रेश व आशीष और बहन लक्ष्मी का रो-रोकर बुरा हाल है। अमर परिवार का इकलौता कमाने वाला था। उसकी मौत से परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
सूचना पर थानाध्यक्ष बकेवर विपिन मलिक और लखना चौकी प्रभारी दीपक भाटी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
आवारा पशुओं को पकड़ने की मांग
घटना के बाद मंडी व्यापारियों और ग्रामीणों में आक्रोश है। लोगों ने कहा कि मंडी क्षेत्र में लगातार आवारा पशुओं का जमावड़ा रहता है, जिससे हादसे का खतरा बना रहता है। उन्होंने प्रशासन से आवारा सांड़ को पकड़कर गौशालाओं में भेजने और मंडी क्षेत्र में सुरक्षा के ठोस इंतजाम कराने की मांग की है। थानाध्यक्ष विपिन मलिक ने बताया कि अमर कुमार गांव-गांव सब्जी बेचने का काम करता था। रविवार सुबह लखना सब्जी मंडी में सब्जी खरीदने के दौरान आवारा सांड़ ने उस पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।