इटावा सफारी पार्क में शेरनी की दहाड़, नीरजा ने राधिका की काट ली पूंछ, मथुरा के विशेषज्ञों ने संक्रमण की आशंका पर उठाया ये कदम
इटावा में ब्रीडिंग सेंटर में बब्बर शेरनी नीरजा ने अपने नाइट सेल के बगल में रखी गई शेरनी राधिका की पूंछ काट ली थी। इससे राधिका में संक्रमण फैलने की आशं ...और पढ़ें

शेरनी राधिका। इटावा सफारी पार्क
HighLights
ब्रीडिंग सेंटर में बब्बर शेरनी नीरजा ने बगल में रखी गई शेरनी राधिका की पूंछ काट ली थी
संक्रमण फैलने की आशंका से मथुरा से आई विशेषज्ञों की टीम ने राधिका की पूंछ को हटा दिया
जागरण संवाददाता, इटावा। इटावा सफारी पार्क के ब्रीडिंग सेंटर में बब्बर शेरनी नीरजा ने अपने नाइट सेल के बगल में रखी गई शेरनी राधिका की पूंछ काट ली। घटना के बाद सफारी पार्क के वन्यजीव चिकित्सकों ने तत्काल उपचार शुरू कर दिया है। मथुरा से आए विशेषज्ञों ने संक्रमण फैलने की वजह से उसकी पूरी पूंछ काट दी।
शेरनी राधिका अपने सेल में लेटी हुई थी उसकी पूंछ बगल में रह रही शेरनी नीरजा के सेल में चली गई। नीरजा ने अचानक गुस्से में आकर राधिका की पूंछ को मुंह से काट डाला। इसके बाद इटावा सफारी पार्क की शेरनी राधिका की गंभीर रूप से घायल पूंछ चिकित्सकों को उपचार के दौरान काटनी पड़ी। विशेषज्ञों के अनुसार संक्रमण फैलने की आशंका और बार-बार घाव पर चोट लगने के कारण यह निर्णय लिया गया।
फिलहाल शेरनी की हालत सामान्य और स्वास्थ्य बेहतर बताया जा रहा है। सात वर्ष पहले गुजरात के जूनागढ़ सफारी से लाई गई शेरनी राधिका को हाल के दिनों में शेरनी नीरजा के साथ पास-पास बने नाइट सेल में रखा गया था। 8 जुलाई को शेरनी नीरजा ने राधिका की पूंछ को काट लिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई थी।
घटना के बाद सफारी की पशु चिकित्सक टीम ने प्राथमिक उपचार किया। इसके बाद पंडित दीन दयाल उपाध्याय पशु चिकित्सा विज्ञान विश्वविद्यालय, मथुरा से विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम को बुलाया गया। डा. संजय पुरोहित के नेतृत्व में तीन सदस्यीय टीम ने राधिका का परीक्षण कर लगातार उपचार किया।
खबरें और भी
10 जुलाई को शल्य चिकित्सा कर राधिका की क्षतिग्रस्त पूंछ काटनी पड़ी। विशेषज्ञ टीम के प्रमुख डा. संजय पुरोहित ने बताया कि संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए पूंछ का प्रभावित हिस्सा हटाना आवश्यक था। उन्होंने कहा कि शल्य चिकित्सा सफल रही है और शेरनी राधिका अब पूरी तरह स्वस्थ है तथा उसकी लगातार निगरानी की जा रही है।
नर तेंदुआ लाया गया इटावा सफारी पार्क
उधर, मुरादाबाद वन प्रभाग के ग्राम अनियारी करीम, तहसील कांठ से रेस्क्यू किए गए एक नर तेंदुए को भी इटावा सफारी पार्क लाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे वन्यजीव चिकित्सालय में रखा गया है। उसकी गतिविधियों पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी रखी जा रही है। उसकी उम्र दो वर्ष है। सफारी पार्क के निदेशक डा. अनिल कुमार पटेल ने बताया कि दोनों वन्यजीवों की स्थिति पर चिकित्सकों की टीम लगातार नजर बनाए हुए है और आवश्यक उपचार किया जा रहा है।
इधर, इटावा सफारी पार्क का समय बदला
इटावा सफारी पार्क के निदेशक डा. अनिल कुमार पटेल ने बताया कि ग्रीष्म ऋतु के समाप्त होने पर सफारी में आने वाले पर्यटकों के लिए समय का बदलाव किया गया है। अब 14 जुलाई से प्रात: नौ बजे से सफारी की सैर पर्यटक कर सकेंगे।