Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    Etawah Bharthana MLA Report Card: बाईपास निर्माण की उम्मीद, जलभराव से जूझते बकेवर-लखना

    Updated: Mon, 20 Jul 2026 07:40 PM (GMT+05:30)

    विधायक राघवेंद्र गौतम के रिपोर्ट कार्ड में भरथना बाईपास का निर्माण अक्टूबर में शुरू होने की बात है, लेकिन बकेवर और लखना में जलभराव की समस्या अभी भी बन ...और पढ़ें

    News Article Hero Image

    HighLights

    1. भरथना बाईपास का निर्माण अक्टूबर में होगा शुरू।

    2. बकेवर और लखना में जलभराव की समस्या बरकरार।

    3. चकरनगर के गांवों में सड़क व कटान पर काम जारी।

    जागरण संवाददाता, इटावा। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 में होने हैं और वर्ष 2022 में चुने गए विधायकों का कार्यकाल अंतिम पड़ाव में पहुंच चुका है। ऐसे में यह जानना जरूरी है कि चुनाव के समय जिन समस्याओं को लेकर जनता ने अपने जनप्रतिनिधियों पर भरोसा जताया था उनमें कितना बदलाव आया। विधानसभा क्षेत्र की पांच प्रमुख समस्याएं सड़क, पेयजल, बिजली, स्वास्थ्य, शिक्षा, सिंचाई, जलभराव या अतिक्रमण जैसे मुद्दों के समाधान के लिए पिछले चार वर्षों में क्या प्रयास हुए, कितनी योजनाएं धरातल पर उतरी हैं और कितने काम अब भी अधूरे हैं जिन समस्याओं के समाधान का दावा किया गया था वह वास्तव में खत्म हुई या आज भी लोगों की परेशानी बनी हुई हैं।

    क्षेत्र में पांच बड़ी समस्याएं जिनमें तिलक रोड पर रेलवे ओवरब्रिज की मांग, बाईपास का निर्माण, लखना व बकेवर में जलभराव की समस्या, चकरनगर के 50 गांवों में कटान की समस्या, चकरनगर क्षेत्र के आठ गांव में सड़क की सुविधा नहीं है। इनमें बाईपास पर अक्टूबर माह में काम शुरू हो जाएगा। पाली बंबा रोड का चौड़ीकरण जल्द होगा का आश्वासन मिला है।

    विधानसभा क्षेत्र के भरथना कस्बे के तिलक रोड स्थित रेलवे फाटक पर लंबे समय से फुटओवर ब्रिज के बजाय रेलवे ओवरब्रिज बनाने की मांग की जा रही है। पाली बंबा मार्ग के चौड़ीकरण का कार्य अधूरा है, इस पर जन प्रतिनिधियों ने अभी तक सकारात्मक पहल नहीं दिखाई है।

    इटावा-भरथना-बिधूना नेशनल हाईवे पर ग्राम झिंदुआ के समीप से निकलने वाली बाईपास रोड का निर्माण कार्य लंबे समय से अधूरा पड़ा है। इस सड़क से लगभग 200 गांवों के लोग आवागमन करते हैं। जिन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ता है, यह सड़क बन जाए तो भरथना को जाम से मुक्ति मिल जाएगी।

    खबरें और भी

    इतना ही नहीं भरथना विधानसभा क्षेत्र के बकेवर व लखना कस्बों में जलभराव की समस्या है, यहां पर बरसात के दिनों में कई मुहल्ले पानी में डूबे रहते हैं। इसी विधानसभा क्षेत्र में आने वाले चकरनगर तहसील क्षेत्र के हरौली, बहादुरपुर, भरेह, चकरपुर, गणेशपुरा, सहित करीब 50 गांव बाढ़ के दौरान दो महीने तक मुख्य धारा से कट जाते हैं। यहां पर स्थायी संपर्क मार्ग नहीं है। जबकि चकरनगर तहसील क्षेत्र में चंबल सैंक्चुअरी के अंतर्गत आने वाले ग्राम बरोना बाग, कोटरा, गुरभेली, नगला महानंद गोहरा तथा वन विभाग क्षेत्र के तेलियन खोड़न, ललूपुरा, और नौरगा खोड़न जैसे गांव में आजादी के बाद से अब तक सड़क निर्माण नहीं हो सका।

     

    तिलक रोड रेलवे फाटक जो भरथना के दक्षिणी ओर को उत्तरी ओर से जोड़ता है। जब इस पर फुटओवर ब्रिज के निर्माण की जानकारी उन्हें नौ मार्च 2026 को मिली, तो उन्होंने जिलाधिकारी और प्रयागराज स्थित डीआरएम से मुलाकात कर रेलवे फाटक संख्या-20 पर आरओबी रैंप सहित बनाए जाने की बात की है। बाईपास के निर्माण को लेकर जिलाधिकारी सहित अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग से बात हो गई है। अक्टूबर माह में निर्माण कार्य चालू हो जाएगा। बकेवर व लखना में जलभराव की समस्या को लेकर डीएम व रामगंगा कमांड के अधिशासी अभियंता के साथ रूपरेखा तैयार की गई है। चकरनगर में प्रकृति के माध्यम से ऐसे 42 गांव जहां बारिश के दौरान कटाव हो जाता है। वहां की सड़कें प्रशासन के सहयोग से ऊंची कराई जा रही हैं। जो गांव चंबल सैंक्चुअरी के अंतर्गत आते हैं उन गांवों में सड़क निर्माण कार्य की कार्रवाई चल रही है।
    - राघवेंद्र गौतम, विधायक, भरथना


    प्रदेश सरकार अपने स्तर पर लगातार विकास कार्य करा रही है। विधायक को जनप्रतिनिधि होने के नाते उन्हें विधानसभा में क्षेत्र की समस्याओं को समय रहते उठाना चाहिए था और आवश्यक पत्राचार कर विकास कार्यों के लिए प्रयास करना चाहिए था। सरकार द्वारा भरथना-बकेवर-चकरनगर मार्ग, अहेरीपुर मार्ग तथा अछल्दा रोड का चौड़ीकरण कराया गया है। इसके अलावा भरथना बाईपास का निर्माण, ढकरा पुलिया और पाली बंबा पुलिया सहित कई विकास कार्य कराए गए हैं। हालांकि विधानसभा क्षेत्र में जिस स्तर का समग्र विकास होना चाहिए था, वह नहीं हो सका।
    - सिद्धार्थ शंकर दोहरे, रनरअप वर्ष 2022 में भाजपा के प्रत्याशी

    शत-प्रतिशत रहीं उपस्थिति, 40 सवाल उठाए

    भरथना विधायक राघवेंद्र गौतम ने बताया कि उनकी उपस्थिति सदन में शत-प्रतिशत रही है। उन्होंने अब तक विधानसभा के सत्रों के दौरान 40 से अधिक सवाल जनता की समस्या का लेकर उठाए हैं।

    ये भी जानें

    • कुल मतदाता - 3,61,897
    • पुरुष मतदाता - 1,99,943
    • महिला मतदाता - 1,61,952
    • थर्ड जेंडर- 2

    लोग बोले

    वर्तमान विधायक ने विधानसभा क्षेत्र में कई विकास कार्य कराए हैं। उन्होंने विधानसभा में क्षेत्र की समस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाया। भरथना रेलवे फाटक बंद होने की जानकारी मिलने के दौरान उन्होंने जिलाधिकारी एवं प्रयागराज मंडल के अधिकारियों से मुलाकात कर लोगों की समस्या के समाधान का प्रयास किया।
    - प्रदीप पोरवाल, व्यवसायी

    भरथना विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए अनेक कार्य किए हैं। चाहे चकरनगर क्षेत्र की समस्याएं हों, भरथना क्षेत्र की हों या महेवा क्षेत्र की, उन्होंने सभी समस्याओं को संबंधित उच्च अधिकारियों के समक्ष उठाकर उनके समाधान का प्रयास किया तथा समय रहते कई समस्याओं का निस्तारण भी कराया।
    - नवरतन सिंह यादव, आढ़तिया

    सरकार विकास कार्य तो कर रही है, अगर सत्ता पक्ष का विधायक होता तो भरथना विधानसभा में और अधिक विकास हो सकता था, वर्तमान विधायक का मिला-जुला असर नजर आया। अभी जाम व बाईपास की समस्या का निस्तारण नहीं हो सका है।
    - हरिश्चंद्र पांडे, अधिवक्ता

    भरथना विधायक का जनता से लगातार संपर्क तो रहा लेकिन जिस तरीके से भरथना विधानसभा का विकास कार्य होना चाहिए था वैसा विकास कार्य नजर नहीं आया। कई समस्याएं अभी भी खड़ी हैं, हालांकि विपक्ष में रहते हुए भी विधायक ने कार्य करवाने के प्रयास किए हैं।
    - हरगोविंद सिंह यादव, किसान

     

    यह भी पढ़ें- Etawah Sadar MLA Report Card: यमुना पर पुल तो मिला, शहर को जलभराव और जाम से नहीं मिली निजात