इटावा में बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, 100 की स्पीड में ट्रक से टकराई कार; भाई-बहन समेत 4 की मौत
बरेली उर्स जा रहे झांसी के परिवार की कार बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर ट्रक से टकरा गई, जिसमें भाई-बहन समेत चार लोगों की मौत हो गई। हादसे में आठ वर्षीय बच् ...और पढ़ें

बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर दुर्घटना के बाद क्षतिग्रस्त हुई कार। जागरण
HighLights
तेज रफ्तार कार बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर ट्रक से टकराई।
हादसे में झांसी के चार लोगों की दुखद मौत हुई।
आठ वर्षीय बच्ची गंभीर घायल, पुलिस जांच में जुटी।
जागरण संवाददाता, इटावा। बरेली में उर्स में शामिल होने और दरगाह पर दुआ मांगने निकले परिवार की खुशियां शनिवार सुबह बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर हुए भीषण हादसे में मातम में बदल गईं। एक्सप्रेसवे पर आगे चल रहे ट्रक के चालक के ब्रेक लगाने से पीछे से तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर कार उसमें जा घुसी।
हादसे में झांसी के मोहम्मद जमाल, उनकी बड़ी बहन शकीला, जमाल की बेटी व शकीला की बहू रेहाना और रिश्तेदार फिरोज की मौत हो गई, जबकि आठ वर्षीय बच्ची गंभीर घायल है। हादसे के समय कार की रफ्तार 100 किलोमीटर प्रतिघंटा थी। टक्कर के बाद भी कार के एयरबैग नहीं खुले। इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि कार सवारों ने बेल्ट नहीं लगाई थी। हादसा शनिवार सुबह जनपद सीमा से सटे औरैया के अछल्दा थाना क्षेत्र के नगला छिंद के पास हुआ।
10 लोग दो कारों से गए थे दरगाह
झांसी के सदर कोतवाली क्षेत्र के मुहल्ला अलीगोल निवासी परिवार के 10 लोग बरेली में सकलैन मियां हुजूर की दरगाह पर होने वाले उर्स में शामिल होने के लिए दो कारों से निकले थे। शनिवार सुबह नौ बजे उनकी कारें बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर नगला छिंद के पास पहुंची।
ट्रक चालक के ब्रेक लगाने पर कार चालक नियंत्रण नहीं कर सका
बताया गया कि आगे चल रहे ट्रक के चालक ने ब्रेक लगा दिए। इससे पीछे चल रही कार का चालक नियंत्रण नहीं रख सका और ट्रक में पीछे जा घुसा। पीछे से दूसरी कार से आ रहे परिवार के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। यूपीडा के सुरक्षा अधिकारी विजय सिंह और पुलिस कर्मी मौके पर पहुंचे।
खबरें और भी
-1786205680857.webp)
शकीला बानो, रेहाना बानो और मोहम्मद जमाल की फाइल फोटो। स्वजन
हादसे में इन लोगों की गई जान
सभी को कार से निकाल कर सीएचसी भरथना ले जाया गया, जहां डाक्टर ने कार चला रहे झांसी के सलीम का बाग निवासी 50 वर्षीय मोहम्मद जमाल उर्फ राजू और उनकी बड़ी बहन 62 वर्षीय शकीला बानो को मृत बता दिया। जमाल की बेटी व शकीला की बहू रेहाना और रिश्तेदार फिरोज ने सैफई स्थित उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय के ट्रामा सेंटर में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। रेहाना की आठ वर्षीय बेटी ताहिरा की हालत गंभीर बताई गई है। शकीला बानो के बेटे मासूम अली ने बताया कि वह स्वजन के साथ दूसरी कार से पीछे चल रहे थे। जमाल समाजसेवा से जुड़े होने के साथ रेडीमेड कपड़ों का कारोबार करते थे।
थाना प्रभारी सैफई भूपेंद्र सिंह राठी ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद चालक ट्रक समेत चला गया। सीसीटीवी फुटेज की मदद से ट्रक की पहचान करा चालक की तलाश की जा रही है।