Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    एटा आशीष हत्याकांड का पर्दाफाश, प्रेमिका से मिलने आया था शराब दुकान का सेल्समैन, पकड़े जाने के डर से की हत्या

    By Deepak Dixit Edited By: Prateek Gupta
    Updated: Sat, 20 Jun 2026 08:32 PM (IST)

    एटा के अलीगंज में हुए आशीष हत्याकांड का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। आरोपी ने प्रेमिका से मिलने के दौरान पकड़े जाने के डर से आशीष की गोली मारकर हत्या ...और पढ़ें

    एटा में आशीष के हत्यारोपी को गिरफ्तार कर ले जाती पुलिस।

    एटा में आशीष के हत्यारोपी को गिरफ्तार कर ले जाती पुलिस।

    जागरण संवाददाता, एटा। अलीगंज क्षेत्र के साडरपुर गांव में 11 दिन पहले हुए आशीष हत्याकांड का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। जांच में सामने आया कि आरोपित एक महिला से मिलने गांव गया था। लौटते समय आशीष ने उसे चोर समझकर पकड़ लिया और शोर मचाने लगा। पकड़े जाने और ग्रामीणों से पिटाई के डर से आरोपित ने तमंचे से गोली मार दी, जिससे आशीष की मौके पर ही मौत हो गई।

    पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त तमंचा और कारतूस बरामद कर लिए हैं। नौ जून की रात साडरपुर निवासी आशीष अपनी दिव्यांग पत्नी को शौच के लिए खेत पर ले गया था। लौटते समय घर के पास ही उसे गोली मार दी गई थी। गंभीर हालत में स्वजन उसे अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया

    मामले में मृतक के भाई मुलायम सिंह की तहरीर पर थाना अलीगंज में हत्या का मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की थी। घटना के पर्दाफाश के लिए अलीगंज पुलिस के साथ स्वाट और सर्विलांस टीम को लगाया गया। घटनास्थल के पास मिले साक्ष्यों, मोबाइल काॅल डिटेल और अन्य सुरागों के आधार पर पुलिस अमरौली निवासी किशोर कुमार तक पहुंची। पूछताछ में उसने हत्या की बात स्वीकार कर ली।

    पूछताछ में किशोर ने बताया कि वह शराब के ठेके पर सेल्समैन है और साडरपुर गांव की एक महिला से उसके संबंध थे। आठ जून की रात दोनों की मिलने की बात तय हुई थी। ठेका बंद करने के बाद वह महिला के घर पहुंचा, लेकिन काफी देर तक दरवाजा नहीं खुला और महिला ने फोन भी रिसीव नहीं किया। इसके बाद वह वापस लौटने लगा

    खबरें और भी

    इसी दौरान रास्ते में उसकी आशीष से आमने-सामने भेंट हो गई। देर रात गांव में देखकर आशीष ने उसे पकड़ लिया और चोर-चोर कहकर अपने चाचा को आवाज लगाने लगा। आरोपित को लगा कि ग्रामीण मौके पर पहुंच गए तो उसकी पिटाई होगी और महिला से मिलने की बात भी खुल जाएगी। इसी डर में उसने तमंचे से गोली चला दी।

    गोली लगते ही आशीष जमीन पर गिर पड़ा और आरोपित मौके से फरार हो गया। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से घटना में प्रयुक्त 315 बोर का तमंचा और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया।

    तकनीकी साक्ष्यों और जांच के आधार पर हत्याकांड का पर्दाफाश किया गया है। आरोपित को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त तमंचा और कारतूस बरामद कर लिए गए हैं।

    -

    श्वेताभ पांडेय, अपर पुलिस अधीक्षक