विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

एटा में डबल मर्डर: अवागढ़ में मां-बेटी की हथौड़े से सिर कुचलकर हत्या, पति पर आरोप

Published: Tue, 22 Sep 2026 09:02 AM (GMT+05:30)Updated: Tue, 22 Sep 2026 08:02 PM (GMT+05:30)

एटा के अवागढ़ में सोमवार रात मां-बेटी की हथौड़े से सिर कुचलकर हत्या कर दी गई। परिजनों ने पारिवारिक विवाद ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. एटा अवागढ़ में मां-बेटी की हथौड़े से नृशंस हत्या।

  2. सोमवार रात यादव नगर में हुई यह दर्दनाक वारदात।

  3. पारिवारिक कलह के चलते पति पर हत्या का आरोप।

जागरण संवाददाता, एटा। अवागढ़ कस्बा के मुहल्ला यादव नगर में पति ने अपनी पत्नी और सास की हथोड़ा से सिर पर प्रहार कर हत्या कर दी। वारदात के दौरान पति के साथ उसका पिता और एक अन्य आरोपित भी साथ था। घटना के बाद तीनों आरोपित भाग गए घटना के पीछे अवैध संबंधों का शक बताया जा रहा है।

पति अपनी पत्नी पर शक करता था, जिसके पीछे दोनों में झगड़ा होता था। पुलिस मामले की जांच कर रही है। फिलहाल कोई पकड़ा नहीं जा सका है। सोमवार रात 12 बजे 38 वर्षीय प्रियंका और उनकी 65 वर्षीय मां कमला देवी पत्नी स्व. रामखिलाड़ी सो रहीं थीं।

तभी प्रियंका का पति रुकुमपाल यादव और ससुर सियाराम यादव व एक अन्य हथौड़ा लेकर आए। रुकुमपाल यादव ने प्रियंका और उनकी मां के सिर में हथोड़े से प्रहार किए। मौके पर ही दोनों ने दम तोड़ दिया। घटना के समय प्रियंका के तीन बच्चे 18 वर्षीय कल्पना, 15 वर्षीय राहुल और 12 वर्षीय सपना भी मौजूद थे।

सबसे बड़ा बेटा हिमांशु बाहर पढ़ता है इसलिए वह घर पर नहीं था। वारदात के दौरान आरोपितों ने बच्चों को धमकी दी कि उन्होंने अगर शोर मचाया तो उन्हें मार देंगे। इस बीच बेटा राहुल आरोपितों से छिपकर किसी तरह बाहर निकल आया और चौराहे पर मौजूद पुलिसकर्मियों को सूचना दी, तब पुलिस मौके पर पहुंची। मगर आरोपित भाग चुके थे।

पुलिस ने बच्चों को सुरक्षा की दृष्टि से थाने पहुंचाया। प्रियंका की बड़ी बेटी कल्पना ने पुलिस को बताया कि उसके घर में एटा का एक प्रोपर्टी डीलर यशपाल उर्फ गुड्डू आता-जाता था, जिसको लेकर उसके पिता और मां के बीच अक्सर झगड़ा होता था। सोमवार को भी दिन में विवाद हुआ था।

प्रियंका की मां कमला देवी ने मलावन थाना क्षेत्र के गांव छछैना में रामखिलाड़ी से कोर्ट मैरिज की थी। इसके बाद तीन बच्चों को जन्म दिया। उनके एक बेटा की मौत हादसे में हो गई और एक बेटी ने फांसी लगाकर जान दे दी। यह घटनाक्रम 15 वर्ष पूर्व का है।

तभी से कमला देवी अपनी जमीन जायदाद बेचकर अपनी तीसरी बेटी प्रियंका के साथ उसकी ससुराल गांव ठाठी गदनपुर में रहने लगीं। रामखिलाड़ी स्वास्थ्य विभाग में चालक थे, जिसकी पेंशन भी उन्हें मिलती है। पांच वर्ष पूर्व रुकुमपाल ने अवागढ़ के यादव नगर में मकान बना लिया। तभी से प्रोपर्टी डीलर का घर में आना-जाना था, जो कलह का कारण रहा।

एसएसपी डा. इलामारन और एएसपी श्वेताभ पांडेय, एसओजी और फील्ड यूनिट व डाग स्क्वायड के साथ मौके पर पहुंचे और निरीक्षण किया। एसएसपी ने बताया कि पति ने अपनी पत्नी और सास की हत्या की है। रुकुमपाल की बेटी कल्पना ने अपने पिता और बाबा व एक अन्य के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया है। आरोपितों की तलाश की जा रही है।