Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    अरुणाचल प्रदेश में बादल फटने से देवरिया के युवक की मौत, डाकघर में क्लर्क के पद पर थे तैनात

    Updated: Mon, 29 Jun 2026 06:32 PM (IST)

    अरुणाचल प्रदेश में बादल फटने से भटनी, देवरिया के 30 वर्षीय सौरभ कुमार खरवार की दुखद मृत्यु हो गई। वह ईटानगर में डाकघर क्लर्क के पद पर कार्यरत थे और 30 ...और पढ़ें

    अरुणाचल प्रदेश में बादल फटने से देवरिया के युवक की मौत।

    अरुणाचल प्रदेश में बादल फटने से देवरिया के युवक की मौत।

    HighLights

    1. सौरभ कुमार खरवार की अरुणाचल बादल फटने से मृत्यु।

    2. ईटानगर डाकघर में क्लर्क थे, देवरिया के निवासी।

    3. पीछे पत्नी, मासूम बेटा और माता-पिता छोड़ गए।

    संवाद सूत्र, भटनी। अरुणाचल प्रदेश में बादल फटने से आई प्राकृतिक आपदा में भटनी के रहने वाले 30 वर्षीय सौरभ कुमार खरवार की असामयिक मृत्यु हो गई। ग्राम साहोपार के बलुआ टोला के निवासी सौरभ, ओमप्रकाश खरवार के तीन पुत्रों में सबसे बड़े थे।

    वह ईटानगर में चीन सीमा के निकट स्थित एक डाकघर में क्लर्क के पद पर कार्यरत थे। 24 जून को अचानक आई इस प्राकृतिक आपदा में उनकी मृत्यु हो गई।

    घटना की जानकारी मिलते ही उनका मझला भाई, जो उत्तर प्रदेश पुलिस में कार्यरत है, तुरंत अरुणाचल प्रदेश पहुंचा। स्थानीय प्रशासन और राहत टीमों की मदद से आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद उनका अंतिम संस्कार वहीं कर दिया गया।

    परिवार के सदस्यों ने बताया कि सौरभ का स्थानांतरण गोरखपुर मंडल में हो चुका था और उन्हें 30 जून को नई तैनाती पर कार्यभार ग्रहण करना था।

    उनके घर लौटने की खुशी में परिवार तैयारी कर रहा था, लेकिन इससे पहले ही उनके निधन की दुखद खबर पहुंच गई। जिस घर में खुशियों की आहट थी, वहां पलभर में मातम छा गया।

    सौरभ अपने पीछे पत्नी, माता-पिता, दो भाइयों और 16 माह के मासूम पुत्र को छोड़ गए हैं। उनकी पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है और वह बार-बार बेसुध हो जा रही हैं।

    माता-पिता भी गहरे सदमे में हैं। मासूम पुत्र अब भी अनजान निगाहों से घर में जुटी भीड़ और स्वजन को देख रहा है। यह दृश्य देखकर गांव पहुंचे लोगों की आंखें भी नम हो गईं।

    ग्रामीणों ने बताया कि सौरभ स्वभाव से बेहद सरल, मिलनसार और जिम्मेदार थे। वह हमेशा गांव के लोगों के सुख-दुख में साथ खड़े रहते थे। उनकी असामयिक मृत्यु से पूरे साहोपार गांव में शोक व्याप्त है। लोग उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना कर रहे हैं।

    यह भी पढ़ें- देवरिया में शादी के विवाद में दो सगे भाइयों ने खाया जहरीला पदार्थ, एक की मौत और दूसरे की हालत गंभीर

    खबरें और भी