विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

देवरिया में दर्दनाक हादसा, दोस्तों के साथ नहाने गए दो बच्चों की पानी भरे गड्ढे में डूबने से मौत

Published: Sun, 16 Aug 2026 10:26 PM (GMT+05:30)

देवरिया के खुखुंदू थाना क्षेत्र में दोस्तों के साथ नहाने गए दो बालकों की गहरे गड्ढे में डूबने से मृत्यु हो गई।

प्रतीकात्मक तस्वीर

प्रतीकात्मक तस्वीर

HighLights

  1. देवरिया में दो बालकों की गड्ढे में डूबकर मृत्यु।

  2. मकान की नींव के लिए खोदे गए गड्ढे में हादसा।

  3. परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से किया इनकार, शव दफनाए।

संवाद सूत्र, देवरिया। दोस्तों के साथ रविवार को नहाने गए दो बालकों की गड्ढे में भरे गहरे पानी में डूबने से मृत्यु हो गई। मकान की नींव भरने के लिए खेत में खोदी गई मिट्टी से यह गड्ढा बना था। स्वजन पोस्टमार्टम कराने के लिए राजी नहीं हुए और दोनों के शवों को दफना दिया।

खुखुंदू थाना क्षेत्र के बालेपुर मठिया गांव में एक व्यक्ति ने नवनिर्मित मकान की नींव भरने के लिए खेत से मिट्टी निकाली थी। इससे खेत में गहरा गड्ढा बन गया था, जिसमें बरसात का पानी भर गया था। बालेपुर चौराहे के बगल में नट बिरादरी के लोग झोपड़ी बनाकर रहते हैं।

वहीं, बगल के मठिया पठान गांव में भी नट बिरादरी के लोग रहते हैं। दोनों गांवों के बच्चे रोज सुबह गड्ढे में भरे पानी में नहाने जाते थे। रविवार को बालेपुर निवासी 10 वर्षीय तौहीद पुत्र मुन्ना नट और मठिया पठान निवासी 12 वर्षीय शहाबुद्दीन पुत्र लतीफ भी दोस्तों के साथ नहाने गए थे। कुछ देर बाद दोनों बालक दिखाई नहीं दिए तो स्वजन ने उनकी तलाश शुरू की। साथ गए बच्चों से पूछताछ करने पर उनके साथ नहाने जाने की जानकारी हुई।

परिवार में मचा कोहराम

इसके बाद गहरे गड्ढे में तलाश की गई तो दोनों बालक पानी में मिले। स्वजन दोनों को पानी से निकालकर बालेपुर चौराहे स्थित एक निजी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। दोनों बालकों की मौत की खबर मिलते ही परिवारों में कोहराम मच गया।

तौहीद दो बहनों का इकलौता भाई था। घर के इकलौते चिराग के बुझने से मां हसीना का रो-रोकर बुरा हाल था। वहीं, शहाबुद्दीन पांच भाइयों में सबसे छोटा था। बेटे की मौत से मां कैमरून बेसुध हो जा रही थीं।

खुखुंदू के प्रभारी निरीक्षक राहुल सिंह ने बताया कि सूचना पर पुलिस मौके पर गई थी। स्वजन ने शवों को दफनाने के लिए गड्ढा खोद लिया था और पोस्टमार्टम कराने के लिए राजी नहीं हुए।

यह भी पढ़ें- देवरिया में किसान को सांप ने डंसा, इलाज के दौरान हुई मौत