देवरिया सदर विधायक शलभ मणि त्रिपाठी के क्षेत्र में दौड़ रहा विकास, अभी भी बस स्टेशन-जिला अस्पताल की आस बरकरार
देवरिया सदर विधानसभा में विधायक शलभ मणि त्रिपाठी के कार्यकाल में सड़क, शिक्षा और स्वास्थ्य सहित कई क्षेत्रों में विकास कार्य हुए हैं। हालांकि, नए बस स ...और पढ़ें

देवरिया सदर विधायक डॉ. शलभ मणि त्रिपाठी।
HighLights
सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य में हुए व्यापक विकास कार्य।
नए बस स्टेशन, जिला अस्पताल का निर्माण अभी लंबित।
कुछ गांवों में बुनियादी सुविधाओं की कमी बरकरार है।
जागरण संवाददाता, देवरिया। प्रदेश सरकार की विकास योजनाओं का भरपूर लाभ देवरिया के लोगों को मिला है। धरातल पर बहुत सी योजनाओं का निर्माण कार्य तेज गति से चल रहा है। जिनके पूरा होने से आने वाले समय में देवरिया की तस्वीर भी बदल जाएगी। इन बड़े दावों के बावजूद भी देवरिया सदर विधानसभा में कुछ स्थानों पर अभी बुनियादी सुविधाओं का इंतजार है।
विधायक डॉ. शलभ मणि त्रिपाठी के पिछले साढ़े चार वर्षों के कार्यकाल में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य व सार्वजनिक सुविधाओं के क्षेत्र में बड़ी परियोजनाएं धरातल पर उतरी हैं। करोड़ों रुपये की लागत से सड़कों का चौड़ीकरण हुआ, शिक्षण संस्थानों व मेडिकल कॉलेज में नई सुविधाएं उपलब्ध हुई। फिर भी इसका लाभ विधानसभा के सभी हिस्सों तक समान रूप से नहीं पहुंच सका।
नगर पालिका परिषद में शामिल 23 नए राजस्व गांवों में विकास अब तक गति नहीं पकड़ सका है। इन गांवों में कई स्थानों पर सड़क, नाली व पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं का अभाव है। पीपीपी माडल पर प्रस्तावित नये बस स्टेशन की स्वीकृति मिलने के बाद भी निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका, जबकि जिला अस्पताल के लिए भूमि का चयन नहीं हो सका है।
करीब 20 करोड़ रुपये की लागत से राजकीय पॉलिटेक्निक का कायाकल्प कराया गया। राजकीय इंटर कॉलेज में संग्रहालय, पुस्तकालय व छात्रावास का निर्माण कराया जा रहा है। करमहां में 10 एकड़ भूमि पर करीब 30 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त कंपोजिट विद्यालय का निर्माण प्रस्तावित है। बैतालपुर को आदर्श नगर पंचायत का दर्जा दिलाया गया।
खबरें और भी
गौरीबाजार के कालाबन में लगभग 1.41 करोड़ रुपये की लागत से पंचायत उत्सव भवन का निर्माण कराया जा रहा है, जबकि नगर के भुजौली कालोनी में 5.21 करोड़ रुपये की लागत से कल्याण मंडप भवन बन रहा है। देवरिया-कसया राज्य मार्ग को 292 करोड़ रुपये की लागत से फोरलेन में परिवर्तित किया जा रहा है।
देवरिया-बैतालपुर-बलटिकरा मार्ग का 19.91 करोड़ रुपये से चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य जारी है। गौरीबाजार क्षेत्र के विशुनपुरा-करमहां, खरोह-रैश्री-हरपुर, चोरखरी-देवतहां कुटी और परसिया अहिर-बेलड़ाड़ मार्गों का निर्माण एवं चौड़ीकरण भी प्रमुख उपलब्धियों में शामिल है। देवरिया-हाटा मार्ग के लिए 75 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिली, जबकि करीब 46 करोड़ रुपये की लागत से देवरिया-पकड़ी मार्ग का निर्माण कराया गया।
मेडिकल कॉलेज में 160 क्षमता वाले बालक छात्रावास व 120 क्षमता वाले बालिका छात्रावास के निर्माण की स्वीकृति दिलाई गई। बैतालपुर में किसान प्रशिक्षण केंद्र व सात करोड़ की लागत से नये पशु चिकित्सालय का निर्माण कराया गया। सुरौली में 10.59 करोड़ रुपये की लागत से नए पुलिस थाने का भवन तैयार कराया गया।
देवरिया सदर में वोटर
- कुल मतदाता-292410
- पुरुष मतदाता-159442
- महिला मतदाता-132956
शहर में पांच करोड़ रुपये की लागत से मीडिया सेंटर का निर्माण कराया गया, जबकि पुराने रोडवेज परिसर में 20 करोड़ रुपये की लागत से मल्टी काम्प्लेक्स एवं पार्किंग का निर्माण कार्य प्रगति पर है।
देवरिया की देवतुल्य जनता ने पांच वर्ष पहले बड़े भरोसे के साथ मुझे अपना बेटा मानकर विधानसभा में भेजा था। क्षेत्र के प्रत्येक नागरिक की समस्याओं का त्वरित समाधान करना मेरी सर्वोच्च प्राथमिकता रही है। सड़क, बिजली व पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं के साथ शिक्षा एवं स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी व्यापक विकास कार्य कराए गए हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में देवरिया-कसया-हाटा मार्ग, बैतालपुर-बलटिकरा मार्ग, गौरीबाजार क्षेत्र में विशुनपुरा-हरपुर-करमहां मार्ग तथा गोरखपुर-देवरिया मार्ग के सौंदर्यीकरण सहित 380 से अधिक सड़कों का निर्माण कराया गया है। लगभग 1800 करोड़ रुपये की लागत से देवरिया बाईपास का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है।
कसया ढाला भीखमपुर रोड पर रेलवे ओवरब्रिज की सौगात भी क्षेत्र को मिली है, जिससे आवागमन और अधिक सुगम होगा। धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के लिए देवरही माता मंदिर, पैकौली कुटी, अगस्तपार मंदिर तथा पथरहट स्थित ठाकुर जी मंदिर का सुंदरीकरण और कायाकल्प कराया गया है।
स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में मेडिकल कॉलेज में ट्रामा सेंटर के साथ छात्राओं व छात्रों के लिए अलग-अलग छात्रावास का निर्माण पूरा हो चुका है। शहर में पार्किंग स्थल, पुलिसकर्मियों के फ़्लैट, मीडिया सेंटर और मजार ध्वस्तीकरण से लोगों को राहत मिली है। इन विकास कार्यों के परिणामस्वरूप जनपद में विकास की रफ्तार तेज हुई है और इसका लाभ आमजन को स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है। -डॉ. शलभ मणि त्रिपाठी, सदर विधायक, देवरिया।
देवरिया विधानसभा में विकास कार्यों को लेकर सांसद व विधायक के बीच श्रेय लेने की होड़ मची हुई है। जिन परियोजनाओं का उल्लेख किया जा रहा है, उनमें कई की स्वीकृति पहले ही मिल चुकी थी। देवरिया बाईपास की स्वीकृति मेरे पिता एवं तत्कालीन विधायक स्व. जन्मेजय सिंह के कार्यकाल में मिली थी। पुराने कार्यों को अपनी उपलब्धि बताकर प्रचारित किया जा रहा है। वर्तमान कार्यकाल में ऐसा कोई बड़ा नया विकास कार्य नहीं हुआ, जो क्षेत्र की पहचान बन सके। विकास के बजाय समाज को जाति व धर्म के आधार पर बांटने की राजनीति की गई है। जनता सब देख और समझ रही है तथा समय आने पर इसका जवाब देगी। -अजय प्रताप सिंह पिंटू, रनर अप।
शहर प्रबुद्ध जन की प्रतिक्रिया
विधायक डॉ. शलभ मणि त्रिपाठी सक्रिय जनप्रतिनिधि हैं। उन्होंने पिछले साढ़े चार वर्षों में व्यवस्थित तरीके से देवरिया में विकास कार्यों को गति दी है। हालांकि, शहर में जाम की समस्या और अंदरूनी सड़कों की बदहाल स्थिति अब भी लोगों के लिए बड़ी परेशानी बनी हुई है। इसके लिए उनको ध्यान चाहिए। -विजय प्रसाद, संरक्षक, व्यापार मंडल।
राजनीति में आने पर उन्होंने जनता के बीच रहकर उनकी आवाज उठाई। जरूरत पड़ने पर मजार पर बुलडोजर चलवाने से भी पीछे नहीं हटे। विकास कार्यों के प्रति उनका समर्पण दिखाई देता है। पिछली बार जब शहर में जलभराव हुआ तो स्वयं छाता लेकर नाला खुलवाने पहुंच गए थे। शहर के कुछ मोहल्लों की सड़कें अभी ठीक नहीं हैं। इसका समाधान कराना भी जरूरी है। -जटाशंकर सिंह, अधिवक्ता।
माननीय की छवि एक निडर विधायक की है। उन्होंने बिजली संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए तत्परता दिखाई है। यदि शहर के गलियों की सड़कों की स्थिति में अपेक्षित सुधार हो जाता तो आमजन को और अधिक राहत मिलती। इस दिशा में सरकारी विभागों में समन्वय नहीं होने से समस्या आती है। जिसे दूर कराना जनप्रतिनिधियों का ही दायित्व है। -डॉ. मिथिलेश सिंह, पूर्व प्रधानाचार्य।
देवरिया सदर विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को गति मिली है। सड़क, चिकित्सा व बिजली व्यवस्था में उल्लेखनीय कार्य हुए हैं। कई नई परियोजनाओं से आमजन लाभांवित हो रहा है। विकास के मामले में क्षेत्र की तस्वीर बदलती हुई दिखाई दे रही है। -डॉ. प्रमोद त्रिपाठी, चिकित्सक।
यह भी पढ़ें- बांगरमऊ विधानसभा क्षेत्र के विधायक की सदन में 100% उपस्थिति, कल्याणी के पुनरुद्धार और ट्रॉमा सेंटर की आस अधूरी