देवरिया में केबल ब्लास्ट से फर्नीचर फैक्ट्री में लगी भीषण आग, दो करोड़ का सामान राख
देवरिया के रुच्चापार गांव में ट्रांसफार्मर केबल में ब्लास्ट के बाद एक फर्नीचर फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। इस घटना में करोड़ों रुपये का तैयार फर्नीचर, ...और पढ़ें

HighLights
ट्रांसफार्मर केबल ब्लास्ट से लगी भीषण आग।
फर्नीचर फैक्ट्री में करोड़ों का सामान जला।
ढाई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू।
जागरण संवाददाता, देवरिया। रुच्चापार गांव में बुधवार की शाम ट्रांसफार्मर से फैक्ट्री तक जा रहे विद्युत केबल में ब्लास्ट होने से फर्नीचर निर्माण इकाई में भीषण आग लग गई।
देखते ही देखते आग ने पूरी फैक्ट्री को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे तैयार फर्नीचर, मशीनरी, लकड़ी, प्लाई, औजार, सोलर पैनल, बैटरियां समेत करोड़ों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। फैक्ट्री संचालक ने करीब दो करोड़ रुपये के नुकसान का अनुमान जताया है। हालांकि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
रुच्चापार गांव के पश्चिम स्थित मंदिर के समीप गांव निवासी अशोक वर्मा की 'लीव ए' नाम से फर्नीचर निर्माण कंपनी संचालित है। यहां तैयार फर्नीचर की आपूर्ति देवरिया समेत प्रदेश और बिहार के विभिन्न जिलों में की जाती है।
बुधवार शाम करीब चार बजे अचानक ट्रांसफार्मर से फैक्ट्री में जा रहे विद्युत केबल में तेज धमाके के साथ ब्लास्ट हुआ, जिसके बाद आग भड़क उठी। आग की लपटें उठती देख गांव और आसपास के क्षेत्रों में अफरा-तफरी मच गई।
ग्रामीण अपने-अपने संसाधनों से आग बुझाने में जुट गए, लेकिन आग तेजी से फैलती चली गई। सूचना मिलने पर पुलिस की चार पीआरबी टीमें और बाद में दमकल विभाग की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने करीब ढाई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
आग की चपेट में फैक्ट्री में रखे दो गैस सिलेंडर, 30 बैटरियां, सोलर पैनल, फर्नीचर निर्माण की मशीनें, तैयार फर्नीचर, लकड़ी, प्लाई और अन्य सामग्री पूरी तरह जल गई। सूचना पर क्षेत्राधिकारी गौरव सिंह और प्रभारी निरीक्षक राकेश सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और राहत कार्य का जायजा लिया।
खबरें और भी
फैक्ट्री संचालक अशोक वर्मा ने बताया कि सीजन आफ होने के कारण फैक्ट्री पिछले एक सप्ताह से बंद थी। मशीनरी, तैयार फर्नीचर, सोलर पैनल और अन्य सामान को मिलाकर लगभग दो करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।