देवरिया में मेला देखने गए दो युवकों की बेरहमी से हत्या, पुलिस जांच में जुटी
देवरिया में रामजानकी मार्ग पर दो दोस्तों विनय यादव और वकील यादव की बेरहमी से हत्या कर दी गई। हमलावरों ...और पढ़ें

बाएं से विनय यादव और वकील यादव की फाइल फोटो। जागरण
HighLights
देवरिया में रामजानकी मार्ग पर दो दोस्तों की हत्या।
हमलावरों ने चाकू से गला रेता, दूसरे का पेट चीरा।
पुलिस ने तीन टीमें गठित कर जांच शुरू की।
संवाद सूत्र, लार रोड, देवरिया। रामजानकी मार्ग पर बढ़या-हरदो के समीप मंगलवार की आधी रात करीब 12 बजे दो मित्रों की बेरहमी से हत्या कर दी गई। हमलावरों ने एक युवक का चाकू से गला रेत दिया, जबकि दूसरे का पेट चीर डाला। दोनों को सड़क किनारे खून से लथपथ छोड़कर आरोपित फरार हो गए। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लार ले गई, जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया।
दोहरे हत्याकांड से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर ने घटनास्थल का निरीक्षण कर हत्याकांड के पर्दाफाश के लिए तीन टीमें गठित की हैं। विनय की पत्नी की तहरीर पर अज्ञात के विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज कर पुलिस जांच में जुटी है।
मईल थाना क्षेत्र के इटहुरा हजाम गांव निवासी विनय यादव (33) पुत्र स्व. राम छबीला यादव और करजहां गांव निवासी वकील यादव (35) पुत्र स्व. राजदेव यादव मंगलवार की रात एक ही बाइक से निकले थे। दोनों रात करीब 10:30 बजे तक लार स्थित कंपोजिट शराब की दुकान के पास देखे गए थे।
इसके बाद रात करीब 12 बजे बढ़या-हरदो गांव के समीप सीडीआर कंपनी के सामने दोनों के शव सड़क किनारे पड़े मिले। राहगीरों ने डायल 112 पर सूचना दी। पुलिस दोनों को तत्काल सीएचसी लार ले गई, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में खलबली मच गई। अस्पताल में लोगों की भीड़ जुट गई। दोहरे हत्याकांड को लेकर लोगों ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए। पुलिस ने रात में ही दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और अधिकारियों से जानकारी ली। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही है।
मृतक वकील यादव लार रोड रेलवे स्टेशन पर गेटमैन के पद पर कार्यरत थे, जबकि विनय यादव आवास विकास परिषद में काम करते थे। दोनों घर से मेला देखने की बात कहकर निकले थे। घटना के बाद दोनों परिवारों में मातम पसरा है।
एक की सोने की चेन तो दूसरे का मोबाइल गायब
स्वजन के मुताबिक, इटहुरा हजाम निवासी विनय यादव घर से निकलते समय गले में सोने की चेन पहने हुए थे। अस्पताल में शव देखने पर उनके गले से चेन गायब मिली। वहीं, दूसरे मृतक वकील यादव का मोबाइल भी नहीं मिला। दोनों के सामान गायब होने से स्वजन हत्या के पीछे लूट की आशंका समेत कई सवाल उठा रहे हैं। हालांकि, पुलिस की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि सामान गायब होने का घटना से क्या संबंध है।
पहले परिवार को मेला घुमाया, फिर निकले दोनों मित्र
स्वजन के अनुसार, विनय यादव और वकील यादव ने पहले अपनी-अपनी पत्नियों और बच्चों को लार रोड का मेला घुमाया। इसके बाद रात करीब 10 बजे वकील ने विनय को लार चलने के लिए बुलाया। विनय की पत्नी रिंकी देवी के मुताबिक, दोनों वकील की बाइक से निकले। पहले रक्सा गए और फिर वहां से लार स्थित शराब की दुकान पर पहुंचे। इसके बाद दोनों के साथ क्या हुआ, यह अब तक स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस उनकी अंतिम गतिविधियों और घटनास्थल के आसपास की जानकारी जुटा रही है।
यह भी पढ़ें- यहां नौकरी से छुट्टी लेकर गांव लौटते हैं बड़े-बड़े अफसर, यूपी के देवरिया में 52 सालों से संजोए हैं रामलीला की विरासत
गेटमैन की ड्यूटी के दौरान राहगीरों से होता था विवाद
वकील यादव मंगलवार को सुबह छह बजे से शाम छह बजे तक लार रोड रेलवे स्टेशन के दक्षिणी रेलवे ढाले पर गेटमैन की ड्यूटी पर तैनात थे। बताया जाता है कि रेलवे फाटक देर तक बंद रहने के कारण आए दिन राहगीरों से उनका विवाद हो जाता था। ऐसे में इस पहलू को लेकर भी चर्चा हो रही है कि कहीं किसी पुराने विवाद का हत्या से संबंध तो नहीं है। हालांकि, अभी तक हत्या के कारणों की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं पर जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें- देवरिया में मेला देखकर लौट रहे युवकों की कार बेकाबू होकर पेड़ से टकराई, 4 की मौत; तीन घायल
परिवार संग दशहरा मनाने आया था विनय, मातम में बदलीं खुशियां
विनय यादव का परिवार इटहुरा हजाम गांव में रहता है। वह दशहरा का त्योहार परिवार के साथ मनाने के लिए शनिवार को छुट्टी लेकर घर आया था। परिवार के साथ त्योहार की खुशियां बांटने की उसकी तमन्ना थी, लेकिन दोहरे हत्याकांड ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। जिस घर में त्योहार की तैयारियां और खुशियां थीं, वहां अब मातम पसरा है। पत्नी रिंकी देवी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी घटना को लेकर शोक और आक्रोश का माहौल है।
